नारनौल। शहरवासी अब सुभाष पार्क में सैर करने के साथ-साथ जिम का लाभ भी उठा सकेंगे। इसके लिए नगर परिषद की तरफ से टेंडर लगा दिया गया है। ऐसे में आगामी 4-5 माह में शहरवासियों को सुभाष पार्क का भव्य रूप देखने को मिल सकेगा। सुभाष पार्क में सबसे ज्यादा सुबह से शाम तक लोगों को आवाजाही रहती है। अब मुलभूत सुविधा बढ़ने से सुबह से सायं तक लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।
सुभाष पार्क की हालात काफी दिनों से बदहाल हालात में थी। इसके सुधार के लिए शहरवासी व सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार मांग उठाई जा रही थी, लेकिन अब सुभाष पार्क की दुर्दशा सुधारने के लिए नगर परिषद ने टेंडर लगा दिया है।
दो ओपन जिम, 50 लाइट, फव्वारे लगाए जाएंगे
नगर परिषद की तरफ से 2.34 करोड़ रुपये का बजट आ गया है। इस बजट से सुभाष पार्क में दो ओपन जिम, 50 लाइट, फव्वारे, 100 डस्टबीन, चाहरदीवारी, ग्रिल व दो झोपड़ी बनाई जाएगी। इसके साथ दीवार पर लोहे की ग्रिल भी लगाई जाएगी, जिससे आवारा पशु व असामाजिक तत्व प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
देर शाम तक लोग कर सकेंगे सैर
अब सुभाष पार्क में अंधेरा नहीं रहेगा, क्योंकि नगर परिषद की तरफ से 100 लाइट भी लगाई जाएगी। इसकी वजह से रात के समय भी दिन जैसा माहौल रहेगा। अभी सुभाष पार्क में लाइटों की संख्या कम है, जिसकी वजह से रात के समय अंधेरा छाया रहता है। ऐसे में रात के समय लोग पार्क में आन से डरते रहते हैं।
वाहनों को खड़ा करने के लिए बनाई जाएगी पार्किंग
सुभाष पार्क के पास वाहन खड़ा करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इसकी वजह से पार्क में आने वाले लोगों को सड़क किनारे ही गाड़ी खड़ी करनी पड़ रही है। अब सुभाष पार्क के मुख्य द्वार को तोड़ कर थोड़ा पीछे बनाया जाएगा, जिससे आगे की जगह पर वाहन खड़े हो सकेंगे।
युवाओं को मिलेगा लाभ
नगर परिषद द्वारा दो ओपन जिम बनाई जाएगी, जिससे युवाओं को सुबह पार्क में सैर के साथ-साथ व्यायाम करने के लिए सुविधा भी मिल सकेंगी। ऐसे में सुबह युवाओं को सैर के साथ-साथ ओपन जिम का लाभ मिल सकेगा।
वाटर हार्वेस्टिंग की मदद से रोका जाएगा जलभराव
सुभाष पार्क में अभी अनेक स्थानों पर बारिश के समय पर जलभराव के हालात बन जाते हैं। जिसकी वजह से पार्क में आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब सुभाष पार्क में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सकेगी, क्योंकि पार्क में नगर परिषद की तरफ से जलभराव वाले स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाएगा।
2.34 करोड़ की लागत से सुभाष पार्क का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसका टेंडर लगा दिया है। पार्क में दो ओपन जिम, डस्टबिन, लाइट, फव्वारे व दो झोपड़ी सहित अनेक कार्य किए जाएंगे।
-सुंदर सिंह, एक्सईएन, नगर परिषद, नारनौल।