फोटो 51 शहर स्थित खाद केंद्र पर बीज लेने पहुंचे किसान। संवाद
महेंद्रगढ़। शहर के खाद केंद्र पर सोमवार रात गेहूं बीज के 1050 बैग पहुंचे। मंगलवार से वितरण शुरू कर दिया गया है। अब अवकाश के अलावा किसी भी दिन किसान आकर बीज ले सकते हैं। वहीं डीएपी की कमी अभी बनी हुई है। 2 हजार बैग बुधवार तक पहुंचने की संभावना है।
रबी की बिजाई का सीजन नजदीक है और 15 अक्तूबर से सरसों की बिजाई शुरू हो जाएगी। केंद्र पर गेहूं की अलग-अलग किस्मों के बीज उपलब्ध हैं। बीज लेने के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी है।
बिना पंजीकरण बीज नहीं मिलेगा। एक आधार कार्ड पर अधिकतम पांच बैग ही दिए जाएंगे। पहले दिन 10 किसानों को 20 बैग बीज बांटे गए। सूचना के अभाव में कम किसान ही पहुंच पाए।
खाद की खेप रेवाड़ी से आएगी
केंद्र के अधिकारियों ने बुधवार तक रेवाड़ी से खेप पहुंचने का दावा किया है। किसान केंद्र पर लगातार पूछताछ कर रहे हैं। उनका कहना है कि 2 हजार बैग खाद लोड हो चुकी है और बुधवार शाम तक पहुंच जाएगी। इसके बाद वीरवार से वितरण शुरू होगा।
सरसों की बिजाई 15 अक्तूबर से
कृषि विशेषज्ञ डॉ. अजय यादव के अनुसार किसान 15 अक्तूबर से नवंबर के पहले सप्ताह तक सरसों की बिजाई कर सकते हैं। समय पर बिजाई से पैदावार बेहतर होती है और कीटों से भी राहत मिलती है। देरी करने पर बीमारी और कीटों का प्रकोप बढ़ सकता है और पैदावार घट सकती है।
नवंबर के पहले पखवाड़े में बिजाई की सलाह
विशेषज्ञों के अनुसार गेहूं की बिजाई नवंबर के पहले पखवाड़े में करना ठीक रहता है। इससे फसल को कल्ले बनाने और दाना भरने के लिए अनुकूल मौसम मिलता है। बिजाई से पहले मिट्टी की जांच कराकर खाद की मात्रा तय करें। खेत समतल कर मिट्टी भुरभुरी बनाएं और प्रमाणित व उपचारित बीज इस्तेमाल करें। सामान्य समय पर करीब 40 किलो बीज प्रति एकड़ काफी रहता है।
फोटो 51 शहर स्थित खाद केंद्र पर बीज लेने पहुंचे किसान। संवाद