महेंद्रगढ़। शहर के मुख्य बाजारों में सार्वजनिक शौचालय नहीं होने की वजह से लोगों काे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 50 हजार की आबादी वाले क्षेत्र में केवल 5 सार्वजनिक शौचालय बनाए गए हैं। एक वर्ष पहले नगरपालिका की ओर से 55 लाख रुपये से लोक निर्माण विश्राम गृह, नागरिक अस्पताल के पास, मोदाश्रम के पास सार्वजनिक शौचालय बनाए गए थे। शहर के बाजारों में सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से लोग परेशान हैं। शौच के लिए खासकर महिलाओं को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इन जगहाें पर नहीं है सार्वजनिक शौचालय
शहर के मसानी चौक, बालाजी चौक, सिनेमा रोड, परशुराम चौक, सब्जी मंडी रोड, विश्वकर्मा चौक, सतनाली चौक, राव तुलाराम चौक, ढाल बाजार, शंकर मार्केट, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, 11 हट्टा बाजार आदि स्थानों पर शौचालय नहीं हैं।
परशुराम चौक पर एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं है। मजबूरीवश इधर-उधर भटकना पड़ता है। उन्होंने नगरपालिका से मांग की है कि शीघ्र ही सार्वजनिक शौचालय बनाया जाए, ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
-ढिल्लू, दुकानदार, विश्वकर्मा चौक
-
सब्जी मंडी रोड पर शौचालय नहीं होने से दुकानदार व ग्राहक खुले में शौच करने को मजबूर हैं। दुकान पर सामान खरीदने के लिए आने वाले ग्राहक भी इससे परेशान हैं।
पवन, दुकानदार, परशुराम चौक
बाजार में सामान लेने के लिए आते हैं। बालाजी चौक पर शौचालय नहीं होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं के लिए अलग से सार्वजनिक शौचालय होना चाहिए, ताकि उनको किसी भी तरह की समस्या न हो।
कृष्ण जांगड़ा, दुकानदार, शॉपिंग कॉम्पलेक्स
शहर में मुख्य बाजारों में सार्वजनिक शौचालय नहीं है। ऐसे में प्रतिदिन हजाराें दुकानदार के साथ-साथ आने वो ग्राहकों भी परेशानी होती है। जबकि शौच के लिए महिलाओं का और अधिक परेशानी होती है।
-विक्रम शर्मा, दुकानदार, ग्यारह हट्टा बाजार
-
आचार संहिता लगी हुई है। आचार संहिता समाप्त होते ही परशुराम चौक पर सार्वजनिक शौचालय के लिए भेजा जाएगा। प्रस्ताव पास होते ही शौचालय बना दिया जाएगा।
-रमेश सैनी, चेयरमैन नगरपालिका, महेंद्रगढ़।