मंडी अटेली। अटेली से बौचड़िया सड़क मार्ग पर सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव का नारनौल सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घायल युवक को नारनौल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव बौचड़िया निवासी योगेश तथा विक्की बाइक पर सवार होकर अटेली से अपने घर जा रहे थे। वह गांव के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहगीरों ने उन्हें अटेली सामान्य अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने योगेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं विक्की को प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने विक्की को उपचार के लिए नारनौल के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। उसका उपचार चल रहा है। वहीं योगेश के शव का नारनौल सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।