कनीना। आपसी जमीनी विवाद के चलते मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना सदर कनीना की पुलिस टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इरफान निवासी भोजावास के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ में आरोपी के पास से डंडा बरामद किया है। पुलिस ने जांच में पता लगाया कि आपसी जमीनी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। शिकायतकर्ता लाल मोहम्मद निवासी गांव भोजावास ने थाना सदर कनीना में शिकायत दर्ज कराई कि गांव भोजावास में उसने प्लॉट लिया था, जिस पर उसका कब्जा है। उस प्लॉट पर रफीक निवासी गांव भोजावास ने कब्जा कर लिया। इस पर शिकायतकर्ता ने काफी बार प्लॉट खाली करने बारे कहा। 8 सितंबर को शाम के समय वह अपने घर के सामने खड़ा था। इस दौरान आरोपी लाठी डंडा व तलवार लेकर आए और मारपीट करने लगे। शोर सुनकर छुटाने आए लोगों को भी उन्होंने चोट मारी। शिकायतकर्ता ने नामजद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।