रेवाड़ी जिले के खोल के शिक्षक की डेढ़ वर्षीय बच्ची की पानी के हौद में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के पिता उमेश कुमार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शव का महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार मृतक बच्ची के पिता ने दी शिकायत में बताया कि वह रेवाड़ी जिले के गांव खोल का रहने वाला है। निजी स्कूल में अध्यापक के पद पर कार्यरत है। वह गांव में अपनी पत्नी, लगभग डेढ़ वर्ष की बच्ची अराधना खेतों में कुएं पर मकान बनाकर रहते हैं। खेत में पशुओं के पानी-पीने व कपड़े धोने के लिए एक हौद बना रखी है। जिसमें पानी भर कर रखते हैं। मंगलवार देर उसकी बेटी आराधना पानी के हौद के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते बच्ची का संतुलन बिगड़ गया। वह पानी से भरे हौद में गिर गई। जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं आई तो उन्होंने देखा कि बच्ची पानी की खेली में डूबी हुई थी। उसे उपचार के लिए कनीना के उप नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बुधवार को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में शव का पोस्टमार्टम किया गया।