महेंद्रगढ़। जिला पुलिस की इकोनॉमिक्स सेल की टीम ने गांव कोटिया से रास्ता रोककर लूट पाट करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजेश वासी कोटिया के रूप में हुई है। उसने 4 फरवरी को कनीना थाना के क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम दिया था। उसे सोमवार को महेंद्रगढ़ अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 5 फरवरी को लालचंद ने कनीना थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह गैस सप्लायर की नौकरी करता है। 4 फरवरी को वह गैस सिलिंडर की सप्लाई करके जा रहा था कि गांव पोता की ढाणी के पास सड़क पर एक लड़के ने गाड़ी रोकने का इशारा किया। उसके गाड़ी रोकने पर सरसों के खेत से दो व्यक्ति और निकल कर आए और रॉड से गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद तीनों ने उसको गाड़ी से नीचे गिरा लिया और उसको सरसों के खेत में ले जाकर उससे पैसे छीन कर भाग गए। इस पर कनीना थाना में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट व लूटपाट का मुकदमा दर्ज किया गया था। इकनॉमिक सेल की पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए कल शाम घटना में शामिल एक आरोपित को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने आरोपी को कनीना थाना के क्षेत्र गांव कोटिया से पकड़ कर गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को महेंद्रगढ़ अदालत में पेश किया। न्यायाधीश ने आरोपी को 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा है।