नेशनल हाईवे नंबर-148 गांव नांगल कालिया के पास स्थित टोल प्लाजा पर मंगलवार रात्रि को टोल मांगने पर पांच युवकों द्वारा तोड़फोड़ कर टोल कर्मचारियों को हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। टोल कर्मचारियों की शिकायत पर नांगल चौधरी पुलिस अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए 3 युवाओं को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान छाबड़ा बीबीपुर गांव निवासी सुधीर, जेलाफ निवासी तरुण और रामनगर नारनौल के जोगेंद्र के रूप में हुई है जबकि दो युवक अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
नांगल चौधरी थाना प्रभारी रामनाथ ने बताया कि 15 नवंबर की रात को नांगल कालिया टोल पर टोल कर्मियों ने बोलेरो गाड़ी सवार युवाओं से टोल टेक्स मांगा तो गाड़ी में सवार युवाओं ने रोब दिखाते हुए टोल देने से मना कर दिया। जब कर्मियों ने उनसे टोल लेने का दबाव बनाया तो बदमाशों ने अवैध हथियार दिखाते हुए टोल बूथ के शीशे तोड़ दिए थे। वहीं टोल कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद टोल कर्मचारी की शिकायत पर उक्त युवकों के खिलाफ नांगल चौधरी थाने में मामला दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।