फोटो नंबर-12जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय।
- फोटो : reasi news
नारनौल। जिले के सभी सरकारी स्कूलों में इस वर्ष अप्रैल से छात्रों की संख्या बढ़ाने को लेकर प्रवेश उत्सव कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस प्रवेश उत्सव को लेकर कुछ स्कूलों के अध्यापक तो इस कार्य में जुट गए हैं। इसे लेकर अभी जो गंभीर नजर नहीं आ रहे, ऐसे स्कूलों व उनके अध्यापकों के लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से भी अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसे लेकर अब सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के मुख्य अध्यापकों व स्टाफ सदस्यों को सभी नियमों की जानकारी देकर इसे अमलीजामा पहनाएगें।
शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी नियमों के अनुसार अब उन सरकारी स्कूलों के अध्यापकों को ज्यादा मेहनत करने की आवश्यकता रहेगी, जिनमें छात्र संख्या केवल 20 है। ऐसे स्कूलों में छात्रों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा और ऐसे सरकारी स्कूलों का जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी निरीक्षण करेंगे। इस प्रवेश उत्सव को लेकर जो स्कूल 30 प्रतिशत छात्रों की संख्या में वृद्धि करेगा, उसे सम्मानित भी किया जाएगा। प्रवेश उत्सव को लेकर सभी अध्यापक अभियान चलाएंगे और घर-घर पहुंच कर अभिभावकों को छात्राओं की भलाई के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं व अपने स्कूलों की उपलब्धियों के बारे में अवगत करवाएगें। सभी स्कूल मुखियाओं को 11 अप्रैल तक दाखिले की रिपोर्ट तैयार करके उच्चाधिकारियों को पहुंचानी होगी।
सरकारी स्कूलों में ऐसे चलेगा प्रवेश उत्सव कार्यक्रम
जिन बच्चों का नामांकन रुका है, शिक्षक उनके घर जाएंगे। उन बच्चों को तलाशेंगे जो पिछले 3 साल में ड्रॉप आउट हो चुके। 5वीं पास करने वाले विद्यार्थी का उसी दिन नामांकन करना होगा। गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्कूल के मुख्य द्वार पर प्रवेश उत्सव का बैनर लगाए जाए। स्कूल प्रबंधन समिति, शिक्षक, पंचायत सदस्य और अन्य स्थानीय प्रभावशाली व्यक्ति मिलकर अभिभावकों को सरकारी स्कूलों की योजनाओं व उपलब्धियों से अवगत करवाएगें।
वर्जन-
प्रवेश उत्सव को लेकर शिक्षा निदेशालय के उच्च अधिकारियों से वीडियो काॅन्फ्रेंस भी हो चुकी है। सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में इस कार्य के लिए जुट गए हैं और हमारे द्वारा भी समय-समय पर स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा।
-सुभाष सामरिया, उपजिला शिक्षा अधिकारी