नारनौल। 6 से 8 मई तक भारत सरकार के ग्रुप-ए अधिकारियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह 33वां प्रोफेशनल ट्रेनिंग कोर्स अरुण जेटली राष्ट्रीय वित्तीय प्रबंधन संस्थान फरीदाबाद की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न केंद्रीय लेखा एवं वित्त सेवाओं के अधिकारी भाग लेंगे।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को हरियाणा सरकार की प्रमुख योजनाओं अंत्योदय सरल, सक्षम हरियाणा और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के जमीनी क्रियान्वयन से अवगत कराना है। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रमोद कुमार के अनुसार 6 मई को अधिकारी अटेली खंड के सुराना गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का दौरा करेंगे।
इसके बाद अधिकारी सरल केंद्र में ऑनलाइन सेवाओं की प्रक्रिया समझेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों व स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ चर्चा करेंगे। दूसरे दिन विभिन्न विभागों के कार्यों का अवलोकन और मुख्यमंत्री विंडो की कार्यप्रणाली की जानकारी ली जाएगी।
अंतिम दिन अधिकारी योजनाओं के ऑडिट और प्रबंधन प्रक्रियाओं को समझेंगे। यह दौरा प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहराई से समझ विकसित करने में सहायक होगा।