नारनौल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) और हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को ढोसी की पहाड़ी पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह 8:15 बजे पहाड़ी के निचले हिस्से से अभियान शुरू हुआ और टीमों ने सफाई करते हुए ऊपरी शिखर तक का सफर तय किया।
विज्ञापन
डीएलएसए की सचिव व मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी मौके पर मौजूद रहीं और खुद भी सफाई में हाथ बंटाया। अभियान में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नगर परिषद, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जिला युवा अधिकारी कार्यालय और जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
साथ ही पीजी कॉलेज के विद्यार्थी और स्टाफ भी पूरे उत्साह से जुटे रहे। डीएलएसए के पैनल अधिवक्ता, पैरा लीगल वालंटियर्स ने भी सहयोग किया।
इस मौके पर सीजेएम नीलम कुमारी ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थानों तथा प्राकृतिक धरोहरों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।