नारनौल। प्रदेश के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की मासिक बैठक में पहले से ही रखे गए 14 में से 10 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया। इसके बाद उन्होंने सामान्य शिकायतों की भी सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं करने पर अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
उन्होंने जन परिवेदना समिति के सदस्यों से आह्वान किया कि वे इस बैठक में रखे जाने वाले मामलों में गलत आदमी की पैरवी न करें। बैठक में तटस्थ होकर सही जानकारी रखें ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आम नागरिकों की शिकायतों को ध्यान पूर्वक सुनें। अगर किसी कार्य को करने में कानूनी बाधा है तो उस नागरिकों को अच्छी तरह से समझा दें।
रणजीत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों को सरकार की सेवाओं व योजनाओं का लाभ देने को प्रतिबद्ध है। नागरिकों को किसी कार्यालय के चक्कर न काटने पड़े इसके लिए ज्यादातर सेवाएं व योजनाएं ऑनलाइन उपलब्ध करवाई गई हैं। खेड़की की सरती देवी के मामले में उन्होंने जांच अधिकारी को हटाने के निर्देश दिए। इस मामले में डीएसपी जांच करेंगे तथा 10 दिन में जांच करके आगामी कार्रवाई करेंगे।
इसके अलावा ढाणी किरारोद निवासी बलवंत सिंह ने गांव में जोहड़ ओवरफ्लो की समस्या रखी। दयानंद सोनी ने भगवानदास की बगीची पर कब्जे का मामला उठाया इस पर दूसरा पक्ष भी आया हुआ था जिनकी सुनवाई नहीं हो सकी। इस पर मंत्री ने उपायुक्त व भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा के नेतृत्व टीम बनाकर जांच करने के आदेश दिए। बैठक में डीसी डॉ. जयकृष्ण आभीर, एसपी विक्रांत भूषण, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी, भाजपा के जिला प्रधान राकेश शर्मा, जजपा के जिला प्रधान एडवोकेट तेज प्रकाश यादव, मनीष मित्तल, गोबिंद भारद्वाज और विजय सांगवान के अलावा समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में छाया हुडा सेक्टर व नंदी गोशाला का मुद्दा
पंचायत भवन में आयोजित जन परिवेदना समिति की बैठक में मुख्य रूप से शहर की पॉश कॉलोनी हुडा सेक्टर की समस्याएं छाई रही। कॉलोनी में सफाई, बरसाती पानी की निकासी व सीवरेज समस्या को लेकर कॉलोनी के लोगों ने बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला के सम्मुख रखी। हुडा सेक्टर की समस्याओं को लेकर रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान डॉ. आरएन यादव, पंकज यादव तथा सूरज अग्रवाल ने मंत्री को बताया कि कॉलोनी में सीवरेज समस्या को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग व नगर परिषद एक दूसरे पर जिम्मेदारी थौंप देते हैं। उन्होंने बताया कि पिछली बार भी बैठक में कॉलोनी की समस्याओं की शिकायत लगाई गई थी जिनमें कुछ विशेष काम नहीं हुआ। सीवरेज की समस्या में भी कोई खास सुधार नहीं हुआ। कॉलोनी में 70 के करीब सीवरेज के मैनहॉल है जिनमें पांच-सात ही सीवरेज हाल की सफाई की गई है। कॉलोनी में सफाई व्यवस्था जस की तस है और बरसात के बाद अनेक स्थानों पर पानी भरा हुआ है। बैठक के बाद बिजली मंत्री स्वयं हुडा सेक्टर का दौरा कर सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं डीसी और अन्य अधिकारियों को जल्द सेक्टरवासियों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
डीसी को दिए नंदी गोशाला का निरीक्षण करने के आदेश
नंदी गोशाला को लेकर शहीदे आजम भगत सिंह क्रांति दल व गोरक्षा दल टीम के सदस्य प्रभास छक्कड़ ने मंत्री को शिकायत देकर बताया कि नंदी गोशाला की हालत दयनीय है। इसमें गायों को न तो चारा ठीक से दिया जा रहा और न ही उनकी देखरेख हो रही है। उन्होंने बताया कि इसी कारण ठंड से अनेक गोवंश काल का ग्रास हो रहा है। उन्होंने बताया कि जब हमने गोशाला की समस्याओं को जनता के बीच पहुंचाया तो नगर परिषद के एक अधिकारी ने उनका गोशाला में जाना भी बंद करवा दिया। इस पर भी मंत्री ने डीसी के नेतृत्व में एक टीम बनाकर कल ही टीम को गोशाला का निरीक्षण करने के आदेश दिए।