फोटो संख्या:57- सिचांई विभाग के अधिकारियों से बातचीत करते संदीप मालड़ा--स्रोत--स्वयं
महेंद्रगढ़। गांव गढ़ी एवं बास को भी नहरी नेटवर्क से जोड़ने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। विकास एवं निगरानी समिति सदस्य संदीप मालड़ा ने बताया कि केंद्र सरकार की अटल भूजल योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक गांवों में भूजल रिचार्ज के प्रोजेक्ट्स पूरे किए जा रहे हैं। इसमें राज्य सरकार बहुत ही चरणबद्ध तरीके से काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि सभी गांवों को नहरी नेटवर्क से जोड़ा जाए तथा भूजल रिचार्ज के अधिक से अधिक कदम उठाए जाएं।
खंड महेंद्रगढ़ के गांव गढ़ी एवं बास को भी नहरी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसी सिलसिले में नहर विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर गांव के सरपंच के साथ मौका मुआयना किया गया। सतनाली फीडर बड़ी नहर पर खुर्द माई स्थित पंप हाउस नंबर एसएफ 1 से प्रेशराइजड पाइपलाइन के जरिये गांव गढ़ी में सरपंच की ढाणी तथा ढाणी श्योपुरा में एक-एक जोहड़ तथा बास की जोहड़ी को नहरी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
संदीप मालड़ा ने बताया कि गांव खुड़ाना, बास एवं गढ़ी के सैकड़ो किसानों ने यहां बड़ी नहर के साथ-साथ बोरवेल बना रखे हैं तथा पाइपलाइन दबाकर अपने खेतों में सिंचाई के लिए पानी ले जाते हैं। बड़ी नहर के पक्के हो जाने की वजह से इन बोरवेलों में पानी गिरने लगा है। इससे हजारों किसानों के लिए खेती का संकट खड़ा हो गया है। बड़े अधिकारियों के संज्ञान में मामला डाला गया जिस पर इस नहर के साथ-साथ लगभग 4 किलोमीटर में 10 रिचार्ज बोर बनाए गए हैं जिसमें बरसात के समय में नहर के पानी से भूजल रिचार्ज किया जाएगा। साथ ही प्रेशराइजड पाइपलाइन से गांव गढ़ी के दो तथा बास का एक जोहड़ भी जोड़ा जाएगा जिससे गिरते भूजल स्तर को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा आचार संहिता के बाद इसे जल्द से जल्द मंजूर करवाकर इस पर काम शुरू करवाया जाएगा। इस विषय पर दो महीने पहले सांसद धर्मबीर सिंह ने मुख्यमंत्री के सिंचाई विभाग के ओएसडी को पत्र लिखकर ये काम जल्द से जल्द शुरू करने की बात कही थी।