फोटो नंबर-01हड़ताल के दौरान विरोध जताते नर्सिंग ऑफिसर।
नारनौल। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नारनौल नागरिक अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर मंगलवार को दूसरे दिन भी दो घंटे के सांकेतिक कार्य बहिष्कार पर रहे। सुबह 10 से 12 बजे तक नर्सिंग ऑफिसरों ने काम रोककर सरकार के खिलाफ रोष जताया। हालांकि मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखी गईं।
नर्सिंग ऑफिसरों ने बताया कि उनकी मांगें लंबे समय से सरकार के सामने रखी जा रही हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। उनकी प्रमुख मांगों में नर्सिंग कैडर के मासिक यूनिफॉर्म और वाशिंग अलाउंस का भुगतान, एनआईसी/एचआरएमएस पोर्टल पर पदनाम में सुधार तथा अन्य सेवा संबंधी मांगें शामिल हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से यूनिफॉर्म और वाशिंग भत्ते का लाभ नहीं मिल रहा है।
एसोसिएशन ने सरकार को मांगें पूरी करने के लिए 10 अक्तूबर तक का समय दिया है। नर्सिंग ऑफिसरों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत यूनिफॉर्म बायकॉट और आगे पूरी तरह काम छोड़कर हड़ताल करने का निर्णय भी लिया जा सकता है।