नारनौल। बैंक कर्मचारी बताकर युवती ने नर्सिंग ऑफिसर से 99542 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नर्सिंग ऑफिसर ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बुडिन निवासी पूजा ने बताया कि वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांटी में नर्सिंग ऑफिसर कार्यरत है। उसके पास एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड है। यह क्रेडिट कार्ड एक्सिस बैंक एप खोलने पर नहीं दिखा रहा था तो 16 नवंबर को करीब 04.15 उसके पास अंजान नंबर से फोन आया। जिसमें एक युवती ने अपने आप को एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपके पास एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड है, कार्ड में कोई दिक्कत तो नहीं है। इस पर उसने बताया कि उसका कार्ड एप पर दिखाई नहीं दे रहा है। तब उक्त युवती ने उसे बातों में उलझाकर उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर ओटीपी पूछकर दो बार करके उसके खाते से 49906 तथा 49636 रुपये की ट्रांजक्शन कर ली। जिसकी जानकारी उसे बैंक द्वारा मिले संदेश से प्राप्त हुई। इसके बाद 1930 पर फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।