फोटो 10 जाम के दौरान किसानों को समझाते हुए थानाप्रभारी। संवाद
मंडी अटेली। गांव नीरपुर राजपूत में बीती रात चोरों ने 10 से अधिक किसानों के खेतों से सैकड़ों पाइप, नोजल व बिजली की केबल चोरी कर ली। चोरी की इस बड़ी वारदात से आक्रोशित किसानों ने अटेली-बहरोड़ सड़क मार्ग को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। करीब आधा घंटे तक चले जाम के कारण सड़क मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही गंभीरता से मौके का अवलोकन किया जाएगा। उसके बाद किसानों ने जाम खोला जिसके बाद यातायात सुचारु हुआ।
क्षेत्र में बुधवार रात गांव नीरपुर राजपूत के किसानों की कृषि भूमि अटेली-बहरोड़ सड़क मार्ग पर नहर के समीप स्थित है। रात को चोरों ने महीपाल की 10, युधिष्ठिर की 30, प्रभु दयाल की 30, धर्मपाल 14, संजय 10, नवीन 10, बिल्लू 8 व ओमप्रकाश की 10 फुट बिजली की केबल सहित कुल 300 फुट केबल चुरा ली। इसी प्रकार रतिपाल के 10 व रामपाल के 14 पाइप व नोजल सहित कई किसानों के खेतों से पाइप और नोजल चुरा लिए। किसानों ने बताया कि रबी फसल की सिंचाई का समय चल रहा है लेकिन पाइप चोरी हो जाने से सिंचाई कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।
किसानों ने एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम
किसानों ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है कि यदि चोरों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे दोबारा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। बताया जा रहा है कि चोरों ने इस वारदात में पिकअप वाहन का इस्तेमाल किया जिसके टायरों के निशान खेतों में स्पष्ट रूप से देखे गए हैं। चोरों ने घटनास्थल पर ही पाइपों से नोजल को काटा जो खेतों में पड़ी हुई मिली।
पुलिस ने जांच की शुरू
पुलिस ने किसानों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने कहा कि चोरों की गंभीरता से तलाश की जा रही है घटनास्थल से कुछ साक्ष्य भी लिए गए हैं जल्द ही वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।