नारनौल। दिवाली के पर्व को ध्यान में रखते हुए इन दिनों बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी अलर्ट मोड पर हैं। इसी के मद्देनजर त्योहार पर बिजली सप्लाई बाधित न हो इसके लिए शहर के पांचों फीडरों की मरम्मत का कार्य कराया जा चुका है। इस दौरान विभाग की अलग-अलग टीम ने पुराने व जर्जर हो चुके तारों को भी बदल दिया है। साथ ही तारों में आने वाली पेड़ों की टहनियों की कटाई भी कर दी गई हैं।
पहले थे केवल दो ही फीडर
शहर में साल भर पहले बिजली के सिटी 1 व सिटी 2 ही फीडर मौजूद थे। ऐसे में क्षेत्र बड़ा होने के कारण फाल्ट होता ही रहता था। संभवत: पूरे फीडर की बिजली सप्लाई बाधित हो जाती थी। सबसे ज्यादा बरसात के मौसम में इस समस्या से जूझना पड़ता था।
अब शहर को पांच फीडरों में बांटा
दो फीडर के कारण बिजली सप्लाई के दौरान आने वाली समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विभाग ने शहर की बिजली सप्लाई को पांच फीडरों में विभाजित कर दिया है। अब किसी भी कारण से कोई समस्या उत्पन्न होती है तो शहर के कम से कम इलाके में इसका असर पड़ेगा। इसी के साथ मरम्मत कार्य के चलते अगर बिजली काटी जाती है तो भी ज्यादा उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। इसके अलावा नागरिक अस्पताल को भी एक अलग फीडर बनाया गया है, ताकि यहां पर स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए आने वाले मरीजों व चिकित्सकों को बिजली संबंधित समस्या से न जूझना पड़े।
त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी पांचों फीडर की मरम्मत का काम करवा दिया गया है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान अलग अलग टीमों ने पेड़ों की टहनियों की कटाई के साथ पुराने तारों की मरम्मत का कार्य भी किया। ग्रामीण क्षेत्र से भी इस प्रकार की समस्या सामने आई थी। अब वहां भी समस्या के समाधान का काम किया जा रहा है, जो आज कल में पूरा कर लिया जाएगा।
रंजन राव, अधीक्षण अभियंता, डीएचबीवीएनएल नारनौल।