मतदान के बाद मोहल्ले में चर्चा करते युवा। संवाद
नारनौल। हरियाणा की अन्य सीटों की तरह भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर शनिवार को चुनाव संपन्न हो गए। चुनाव के बाद अब भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थक जीत और हाल का गणित लगाने में जुटे हैं। जनता भी चार जून का बेकरारी से इंतजार कर रही है। हर किसी की जुबान पर यही चर्चा है कि क्या इस बार पीएम नरेंद्र मोदी का जादू चलेगा या फिर साइलेंट वोटर भाजपा को झटका देने वाले हैं।
शनिवार को क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया। चुनाव संपन्न होने के बाद अब गली-मोहल्लों में किसको कितने वोट मिले? इसी बात को लेकर चर्चाएं गर्म हैं। रविवार को अवकाश का दिन होने के चलते सुबह-सुबह शहर के मोहल्लों में लगने वाली चौपालों पर युवाओं व बुजुर्गों में घंटों चुनावी चर्चा चलती रही। भाजपा समर्थक जहां अपनी जीत तय मानकर चल रहे हैं, वहीं कम वोटिंग के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी के हलके में अधिक मतदान से कांग्रेस प्रत्याशी भी अपनी जीत सुनिश्चित मान रहे हैं। शहर के मोहल्लों में भी लोगों की चर्चाएं भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच आकर टिक गई है। मुख्य मुकाबला इन्हीं दोनों पार्टियों में माना जा रहा है।
कहां कितना मतदान हुआ, आंकड़ा जुटा रहे समर्थक
शहर के हर बूथ पर कितना मतदान हुआ? लोगों ने किसको ज्यादा मतदान किया? ग्रामीणों क्षेत्र में किसका पलड़ा भारी रहा... इन पैरामीटर्स पर समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों की जानकारियां जुटाने में लगे हुए हैं। भाजपा समर्थकों का कहना है इस बार भी मोदी का जादू चला है। भाजपा प्रत्याशी भारी मतों से विजय होंगे। कांग्रेस समर्थकों का मानना है कि लोगों ने इस बार चुपचाप वोट किए हैं, जो बदलाव लाना वाला है और कांग्रेस प्रत्याशी विजय होंगे। हालांकि इन चर्चाओं का कहीं विराम नहीं है और हर प्रत्याशी के समर्थक मतदान के बाद अपनी जीत मान रहे हैं। लेकिन, जनता ने क्या जनादेश दिया है यह तो वास्तव में चार जून को ही स्पष्ट होगा और तब तक लोगों में इसी प्रकार नई-नई चर्चाएं चलती रहेगी।