नारनौल। रेलवे ओवर ब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन ढाई साल बाद कर दिया गया। भाजपा नेता सुरेश शर्मा और नपा कनिष्ठ अभियंता मनीश यादव ने स्ट्रीट लाइट जलाकर इसका शुभांरभ किया।
नगरपालिका कनिष्ठ अभियंता मनीष यादव बताया कि 2 लाख 18 हजार रुपये मीटर की सिक्योरिटी मनी बिजली विभाग में जमा कराई गई है। मीटर पर स्वचालित टाइमर लगाया गया है। इससे रात सात बजते ही अपने आप लाइट जल जाएगी और सुबह अपने आप बंद हो जाऐंगी। आज से रेलवे ओवर ब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइट जलने लग गई है। भाजपा नेता सुरेश शर्मा ने बताया कि स्ट्रीट लाइट न जलने की सीएम विंडो की शिकायत उनके पास पहुंची थी। उन्होंने अधिकारियों से मिलकर स्ट्रीट लाइट चालू करवाई है। गौरतलब है कि अटेली -बहरोड़ पर दो करोड़ 37 लाख की लागत से रेलवे ओवर ब्रिज बने ढाई साल हो गये लेकिन इस पर स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन नहीं किया गया था जिससे इस पर कई दुर्घटना हो चुकी हैं। रात को अंधेरे में कम जगह होने से वाहन टकराते थे। रेलवे ब्रिज पर 52 के करीब स्ट्रीट लाइट लगी हुई है। लाइट का कनेक्शन न होने से रेलवे ओवर ब्रिज पर रात होते ही अंधेरा छा जाता था। कस्बावासी राजपाल यादव ने सीएम विंडो पर शिकायत की थी। अब यह समस्या दूर हो गई है।