हरियाणा राज्य परिवहन व एसटीए परमिट की बसों को अब कनीना में बस स्टैंड के अंदर अपने बूथों पर ही लगाना होगा।
ऐसा न करने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग नारनौल के इस आदेश से यात्रियों ने राहत की सांस लेते हुए परिवहन विभाग की प्रशंसा की है।
बसों के बस स्टैंड के अंदर न लगने से बस अड्डा पहले वीरान नजर आता था, लेकिन अब बसों के बूथों पर लगने से चहल पहल नजर आने लगी है। हरियाणा राज्य परिवहन नारनौल के जनरल मैनेजर के आदेशानुसार रविवार को परिवहन व एसटीए परमिट की सभी बसें कनीना बस स्टैंड पर अपने निर्धारित बूथों पर लगी।
गौरतलब है कि पहले अधिकतर बसें बस स्टैंड के अंदर न जाकर बाहर से ही भरकर चली जाती थी। जिससे कई बार बसों को पकड़ने के चक्कर में कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। यहां पर अक्सर जाम की स्थिति भी बनी रहती थी। अड्डा इंचार्ज सुधीर कुमार का कहना है कि हरियाणा राज्य परिवहन नारनौल के जनरल मैनेजर के आदेशानुसार परिवहन व एसटीए परमिट की सभी बस अब अपने निर्धारित बूथों पर लगाई जाएंगी। अगर कोई भी इन आदेशों की अवहेलना करेगा तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।