नारनौल। रोडवेज के महाप्रबंधक ने स्वच्छता को लेकर एक नया कदम उठाया है। उन्होंने बस स्टैंड के फर्श व शौचालयों को साबुन व सर्फ से धुलाई करने के आदेश दिए हैं।
अब सप्ताह के हर रविवार को बस स्टैंड के मुख्य परिसर को चकाचक करने का कार्य किया जाएगा। इससे बीमारियों के संक्रमण का खतरा तो कम होगा ही साथ ही अड्डा परिसर स्वच्छ व अधिक सुंदर लगेगा। हालांकि बस स्टैंड परिसर में वैसे तो प्रतिदिन ही झाडू व पोंछा लगाया जाता है। लेकिन धुलाई पूर्व में कभी कभार ही होती थी।
बस अड्डा इंचार्ज कुलदीप कुमार ने बताया कि वैसे तो धुलाई का कार्य हर रविवार को किया जाना है, लेकिन रविवार को दो सफाई कर्मचारी छुट्टी पर चले गए थे।
इसके चलते सोमवार को धुलाई का कार्य करवाया गया। उन्होंने बताया कि धुलाई के बाद फिनाइल के पानी से पोंछा भी लगाया जाता है।
शाम के समय होगी सफाई :अड्डा इंचार्ज ने बताया कि परिसर की धुलाई का कार्य शाम को इसलिए करवाया जाता है, क्योंकि एक तो रविवार को यात्री भार और दिनों की तुलना में काफी कम होता है।
साथ ही शाम के समय और भी कम हो जाता है। इसलिए शाम को सफाई कार्य साढ़े 6 व 7 बजे करवाया जाता है, ताकि सफाई कर्मियों व यात्रियों को परेशानी न उठानी पड़े।