सेट टप बॉक्स के नाम पर केबल संचालकों की ओर से की जा रही मनमानी अब नहीं चलेगी। उपभोक्ताओं की शिकायतों के मद्देनजर एसडीएम ने केबल टेलीविजन रूल का अध्ययन किया तो केबल संचालकों के झूठ से परदा भी उठ गया। इसके बाद एसडीएम ने चार केबल संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। अहम बात ये है कि जिस सेट टाप बॉक्स के 1300 से 1500 रुपये वसूले जा रहे थे उसकी प्रतिभूति राशि महज 400 रुपये है।
बता दें कि अमर उजाला शुरू से ही उपभोक्ताओं की इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। केबल टीवी के लिए सेट टॉप बॉक्स लगवाना अनिवार्य होने के बाद केबल संचालक उपभोक्ताओं मोटी वसूली कर रहे थे। उच्च अधिकारियों तक भी ये बात पहुंच चुकी थी। इस मामले में एसडीएम विवेक कालिया ने केबल आपरेटरों को अब तक वसूल की गई राशि का ब्योरा पेश करने व ट्राई के नियमों के अनुसार ही उपभोक्ताओं से टैरिफ पैकेज के पैसे लेने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को पूरे ब्योरे सहित रसीद भी उपलब्ध कराने का आदेश दिए हैं। यह निर्देश मोहल्ला गुरुनानकपुरा के लोगों द्वारा दी गई शिकायत के बाद लिया गया है। एक जनवरी से पूरे शहर के लोग केबल नेटवर्क को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं। केबल नेटवर्क संचालक भी उपभोक्ताओं को सही जानकारी नहीं दे रहे तथा सेट टाप बाक्स लगाने के नाम पर मनमानी वसूली कर रहे हैं। एक सेट टाप बाक्स लगाने के नाम पर 1300 से 1500 रुपये तक केबल संचालक वसूल कर रहे हैं। जिसके बाद अमर उजाला ने इस मुद्दे को कई प्रकार प्रकाशित किया। चार फरवरी के अंक में भी अमर उजाला ने इसको प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अखबार में छपी इन खबरों तथा मोहल्ला गुरुनानकपुरा के लोगों द्वारा एसडीएम विवेक कालिया ने केबल संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। वहीं उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाते हुए एसडीएम ने केबल नेटवर्क संचालकों को अनेक हिदायतें भी दी हैं। एसडीएम ने अपने आदेशों को तुरंत प्रभाव से नारनौल उपमंडल में लागू करने के निर्देश दिए हैं। उपभोक्ताओं को अब सेट टाप बॉक्स के लिए महज 400 रुपये प्रतिभूति राशी देनी होगी।
चार केबल संचालकों को दिया नोटिस
एसडीएम विवेक कालिया ने नारनौल उपमंडल के चार केबल संचालकों को नोटिस जारी किया है। इनमें श्री कृष्णा केबल नेटवर्क, नारनौल, राहुल केबल नेटवर्क अटेली, श्याम केबल नेटवर्क नांगल चौधरी व गुरु जी केबल नेटवर्क नांगल चौधरी शामिल हैं। जिनको 48 घंटे में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी।
ट्राई के अनुसार जायज दरों पर लगे सेट टाप बाक्स
एसडीएम ने बताया कि इस बारे में उन्होंने केबल रूल बारीकी से पढ़ा। जिसका अध्ययन करने के बाद पता चला कि केबल टेलिविजन रूल 1994 के तहत डिजिटल केबल टीवी सिस्टम लागू करने के पीछे ट्राई का मुख्य उद्देश्य कुछ शर्तों व जायज दरों के साथ सेट टाप बाक्स उपलब्ध कराया जाना था। इसे सुनिश्चित करवाने के लिए ट्राई द्वारा स्टैंडर्ड टैरिफ पैकेज दूरसंचार सेवा टैरिफ आर्डर 2013 लागू किया गया।
लिए जा रहे चार्ज टैरिफ के विरुद्ध
एसडीएम ने अपने आदेश में बताया है कि सेट टाप बाक्स स्थापित करने, लगाने के लिए चार्जिंग, चालू करने के चार्जिंग, स्मार्ड कार्ड चार्जिंग लगाने के लिए केबल संचालकों द्वारा तन साल के अंदर मरम्मत एवं रखरखाव के जो चार्ज लिए जा रहे हैं, वह ट्राई के टैरिफ के विरुद्ध हैं।
ट्राई के नियमों के अनुसार ले पैकेज आर्डर
एसडीएम ने केबल आपरेटरों को आदेश दिए हैं कि सेट टाप बाक्स लगाने व चालू करने के लिए उपभोक्ताओं से वसूल किए गए चार्ज में से प्रतिभूति राशि के अतिरिक्त शेष राशि के बारे में उपभोक्ताओं को उनके विकल्प दे। इसके लिए ट्राई के पैकेज आर्डर की प्रति भी उपभोक्ताओं को दें।
तीन वर्षों का किराया मासिक किश्तों में वसूले
एसडीएम ने केबल संचालकों को यह भी आदेश दिए हैं कि वे उपभोक्ताओं से एक मुश्त लिया जा रहा तीन वर्षों का किराया मासिक किश्तों में वसूल करें। वहीं उपभोक्ताओं को पूर्ण ब्यौरा अनुसार रसीद दी जाए। साथ ही यह भी बताया जाए कि एक मुश्त पैसा जमा कराने के बाद सेट टाप बाक्स उपभोक्ताओं की संपत्ति है।