कस्बे में रविवार को एक विवाहिता परिजनों के साथ ससुराल आई लेकिन उसे पति के घर में प्रवेश नहीं मिला। इससे हंगामा खड़ा हो गया। बात बनती न देख महिला धरने पर बैठ गई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से शिकायत लेकर किसी तरह मामले को शांत कराया।
भिवानी निवासी एक युवती की शादी चार साल पहले कस्बे के युवक से हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच कुछ विवाद के चलते ससुराल और मायके पक्ष में भी अनबन चल रही है। रविवार को जब महिला परिजनों के साथ ससुराल पहुंची तो उसमें घर में प्रवेश नहीं मिला। इससे हंगामा शुरू हो गया थोड़ी देर में आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। काफी प्रयास के बाद जब बात नहीं बनी तो महिला धरने पर बैठ गई।
इस मामले में विवाहिता के ससुर ने पुलिस से शिकायत की है कि उसे उसकी बहू और उसके परिवार से जान का खतरा है। ऐसे में उसे यहां न रहने दिया जाए। जबकि विवाहिता ने पुलिस में शिकायत देकर घर में रहने देने की मांग की है। दोनों पक्ष एक दूसरे को गलत बताकर अपना तर्क पुलिस के सामने रखते रहे।