नारनौल। जिले में सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए उपायुक्त अनुपमा अंजली ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। बुधवार को लघु सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक लेते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट और वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) के आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न देने के नियम की पालना सुनिश्चित की जाए।
डीसी ने पुलिस और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल बसों की लगातार जांच की जाए। कोचिंग सेंटरों में भी सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के नियम लागू करवाए जाएं।
उन्होंने शराब या अन्य नशे का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। हिट एंड रन मामलों की जांच जल्द पूरी कर पीड़ितों को समय पर मुआवजा दिलाने और जिले के सभी अवैध कट बंद करने के निर्देश भी दिए। डीसी ने रेड लाइट जंप और ओवरस्पीड के मामलों में चालान बढ़ाने तथा ओवरलोड वाहनों की जांच तेज करने पर जोर दिया।
सितंबर-अक्तूबर में हुए चालान
पुलिस आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में हेलमेट नहीं पहनने पर 2,451 और अक्तूबर में 1,551 चालान किए गए। ओवरस्पीड के मामलों में क्रमशः 844 और 338 चालान हुए। शराब पीकर वाहन चलाने पर सितंबर में 14 और अक्तूबर में 10 मामले दर्ज किए गए। डीसी ने कहा कि यातायात नियमों की सख्ती से पालना कराकर सड़क हादसों में कमी लाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करें।