महेंद्रगढ़। जिला परिषद एवं पंचायत चुनावों में चौधर के लिए भागदौड़ करने वाले महेंद्रगढ़ और सतनाली खंड के 2411 उम्मीदवारों को एक बैंक नो ड्यूज प्रमाणपत्र जारी कर चुका है। वहीं उम्मीदवारों के लिए नो ड्यूज प्रमाणपत्र की अनिवार्यता का लाभ बैंक को भी मिला है। 57 उम्मीदवारों ने बैंक के 99 लाख 23 हजार रुपये का ऋण चुकाया है।
बता दें कि महेंद्रगढ़ लैंड मॉर्गेज बैंक के तहत सतनाली और महेंद्रगढ़ खंड के 105 गांव आते हैं। इन गांवों के 2411 उम्मीदवारों को बैंक द्वारा नो ड्यूज प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। वहीं अभी नामांकन प्रक्रिया में दो दिन का समय शेष है, ऐसे में बैंक को भी उम्मीद है कि और अधिक रिकवरी हो पाएगी। शहर के रेलवे रोड पर एसडीएम निवास के नजदीक बैंक शाखा कार्यालय में सुबह से शाम तक उम्मीदवारों की भीड़ जमा रहती है। बैंक द्वारा पांच कर्मचारियों की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई है। जो सभी प्रकार के दस्तावेजों की जांच के उपरांत प्रमाणपत्र दे रहे हैं। लैंड मॉर्गेज शाखा महेंद्रगढ़ के प्रबंधक दर्शन कुमार ने बताया कि उम्मीद्वारों के लिए 14 अक्तूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। सरकार की नो ड्यूज प्रमाण पत्र की अनिवार्यता के चलते बैंक के 57 ऋणियों ने 99.23 लाख रुपये का ऋण चुकाया है। यह प्रक्रिया 19 तक जारी रहेगी। ऋण चुकाने वालों को वन टाइम सेटलमेंट योजना का भी लाभ दिया गया है।