फोटो 5फुटपाथ पर टूटे नाले के स्लैब।संवाद
निजामपुर। देवीलाल चौक स्थित मुख्य मार्ग के किनारे बने फुटपाथ पर नाले के टूटे स्लैब लोगों के लिए समस्या बन गए हैं। कई स्थानों पर स्लैब पूरी तरह टूटकर धंस चुके हैं जिससे गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में गंदा पानी और कचरा जमा होने से दुर्गंध फैल रही है। इससे राहगीरों को न केवल असुविधा हो रही है बल्कि हादसे और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से नाले के स्लैब क्षतिग्रस्त हैं लेकिन संबंधित विभाग की ओर से मरम्मत नहीं कराई गई। फुटपाथ पर चलने वाले पैदल यात्रियों को मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ रहा है जिससे दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ गया है। रात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है क्योंकि टूटे स्लैब साफ दिखाई नहीं देते।
नाले में जमा कचरे के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी है। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि गंदगी और बदबू से ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और बिगड़ने का डर बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से टूटे नाले के स्लैब को तुरंत दुरुस्त कर फुटपाथ को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
-
टूटे स्लैब के कारण ग्राहक दुकान तक आने से कतराते हैं। कई बार लोग गिरते-गिरते बचे हैं। संबंधित विभाग को समस्या का समाधान करना चाहिए।
-सुरेंद्र दुकानदार, देवीलाल चौक
-
यह समस्या काफी समय से हैं। मैंने शिकायत भी की लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। रात के समय हादसे का डर रहता है।
-महिपाल सिहं, दुकानदार, देवीलाल चौक