नारनौल। जिला पुलिस द्वारा जिला में शनिवार की रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। इस अभियान में एसपी सहित चार डीएसपी और 190 पुलिस कर्मचारी शामिल थे।
जिला महेंद्रगढ़ में पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने पुलिस महानिदेशक के आदेश पर यह रात्रि चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक ने जिले के कई नाकों को चेक किया। उन्होंने नाकों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को आदेश दिए कि किसी भी वाहन को बगैर चेकिंग न जाने दिया जाए, हर वाहन की अच्छी तरह से जांच करे। रात को जिले में 21 अस्थाई नाके लगाये गए। इस दौरान पूरे जिले में 931 वाहनों को चेक किया गया, जिसमें 27 वाहनों को इंपाउंड किया और 16 संदिग्ध वाहनों के चालान भी किए गए। इसके अलावा 33 संदिग्ध लोगों के आपराधिक रिकार्ड जानने के लिए पर्चा अजनबी भर कर उनके द्वारा बताये पते अनुसार संबंधित थाना में भेजा गया।
नाका तोड़ भागने की कोशिश की
नाका अटेली कनीना मोड़ पर जब पुलिस नाका के कर्मचारी वाहनों को चेक कर रहे थे तब एक ट्रक को रुकने का इशारा किया। इस पर ट्रक ड्राइवर ट्रक को तेज स्पीड और लापरवाही से चलाकर भागने लगा। इस पर पुलिस कर्मचारी अचानक पीछे हट गये वरना दुर्घटना हो सकती थी। बाद में पुलिस की पीसीआर ने ट्रक का पीछा कर उसे रुकवाया। वहीं ट्रक के ड्राइवर विक्रम वासी महरमपुर व कंडेक्टर अनिल कुमार वासी तोता हेड़ी के खिलाफ थाना अटेली में मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया। इन दोनों को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से दोनों आरोपियों को नसीबपुर जेल भेज दिया।