लिंग अनुपात में सुधार लाने के लिए अटेली गांव के नवनिर्वाचित सरपंच ने लड़की के जन्म होने पर 11 हजार रुपये देने की पंचायती चुनावों में घोषणा पत्र जारी किया था। उसी के अनुरूप गांव अटेली के नवनिर्वाचित सरपंच देवेंद्र देव ने गांव में चुनाव के बाद कन्या के जन्म लेने पर परिवार को 11 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। नवनिर्वाचित सरपंच देवेंद्र देव ने कहा कि प्रदेश में लिंग अनुपात देश में सबसे कम होने के कलंक को दूर करने के लिए पहला चुनावी वादे के अलावा 13 बिंदुओं को लेकर लोगों से वोट मांगे थे। प्रमुख पंचायती चुनावी वादों में गांव में कन्या के जन्म लेने के अलावा जरूरतमंद परिवार में लड़की के विवाह पर 21 हजार रुपये का भी वादा किया हुआ है। बता दे कि महेंद्रगढ़ जिले में लिंग अनुपात 902 है तथा अटेली खंड व अटेली गांव में भी लिंग अनुपात काफी कम है। लिंग अनुपात में कमी को लेकर जिले व क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में इस कार्य की प्रशंसा हो रही है। नवनिर्वाचित सरपंच देवेंद्र देव ने गांव में लाइब्रेरी, गांव के मुख्य द्वार, पार्क, सीसीटीवी लगाने आदि प्रमुख वायदे किये है। सीडीपीओ सरला देवी व सुपरवाइजर अनिता ने इस पुनीत कार्य की प्रशंसा व सराहना की है।