महेंद्रगढ़। शहर में सीवरेज व्यवस्था सुधारने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने 20 से अधिक गलियों में 12.5 किलोमीटर लंबी नई सीवरेज लाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस परियोजना पर करीब 6.54 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नई लाइन के साथ मुख्य सीवरेज लाइन का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा।
फिलहाल शहर की कई गलियों में सीवरेज लाइन नहीं है। इन क्षेत्रों में नालियों के जरिए गंदे पानी की निकासी होती है। कचरा जमा होने से नालियां अक्सर बंद हो जाती हैं और सफाई के अभाव में दूषित पानी गलियों में बहने लगता है। इससे जलभराव की समस्या के साथ लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। नई सीवरेज लाइन बिछने से इन समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।
विभाग के अनुसार, अगले डेढ़ माह में एजेंसियों से प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार टेंडर आवंटित किया जाएगा। अक्तूबर के अंत तक संबंधित एजेंसी को काम सौंपने की योजना है, जबकि नवंबर में सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जा सकता है।
इन क्षेत्रों में होगा काम
परियोजना के तहत राम विहार कॉलोनी, मोहल्ला सैनीपुरा, शिव कॉलोनी, मसानी चौक, नाथूवाला मोहल्ला, कटला बाजार, खादी भंडार वाली गली और चामघेड़ा रोड सहित अन्य क्षेत्रों में लाइन बिछाई जाएगी। कुल 12.5 किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन डाली जाएगी।
वर्जन:
शहर में जहां पर सीवरेज लाइन नहीं है, उनकी पहचान की जा चुकी है। अब इन स्थानों पर नई लाइन डालने के लिए टेंडर आवंटन की प्रक्रिया शुूरू हो चुकी है। इस प्रक्रिया को पूरा होने में करीब डेढ़ का समय लगेगा और नवंबर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-सुरेंद्र सिंह, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:60- मसानी चौक को जाने वाला मुख्य मार्ग, जहां डाली जाएगी सीवरेज लाइन--संवाद