नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले में कार्यरत क्रीड पंचायत लोकल ऑपरेटर (सीपीएलओ) की बैठक रविवार को सुभाष पार्क में भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री हरकेश की अध्यक्षता में हुई। इसमें क्रीड पंचायत लोकल आपरेटरों की कार्यकारिणी गठित की गई। इस दौरान सीपीएलओ कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखीं।
हरकेश ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ सदैव राष्ट्र हित, उद्योग हित और कर्मचारी हित के लिए कार्य करता है। उन्होंने कहा कि संघ, पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटरों की मांगों के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेगा। यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी तो संघ के नेतृत्व में प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में हरियाणा पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर यूनियन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में देवेश को जिला अध्यक्ष, धर्मबीर व ममता को उपाध्यक्ष, चरण सिंह को जिला मंत्री, पुष्पा को सह मंत्री, विजयपाल को कोषाध्यक्ष, दिनेश जांगिड़ को सह कोषाध्यक्ष, नवनीत को प्रेस सचिव और विपिन चंद्रपाल को संगठन मंत्री नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष देवेश ने कहा कि सरकार द्वारा प्री और मेन एग्जाम पास करने के बाद चयनित सीपीएलओ को मात्र 6000 रुपये वेतन दिया जा रहा है, जो बेरोजगारी भत्ते से भी कम है। उन्होंने मांग की कि उन्हें पंचायत विभाग में नियमित किया जाए और तकनीकी स्केल वेतन प्रदान किया जाए।
जिला मंत्री चरण सिंह ने कहा कि प्रत्येक सीपीएलओ पंचायत के महत्वपूर्ण ऑनलाइन कार्य जैसे ई-ग्राम स्वराज पोर्टल, पंचायत लेखा-जोखा, लाडो लक्ष्मी योजना व संपत्ति सर्वे आदि संभालते हैं, परंतु इसके बदले नाममात्र वेतन दिया जाता है।
बैठक में नरेंद्र कुमार, दिनेश, अजय, धर्मेंद्र कुमार, सतपाल सिंह, मनोज, ज्योति, रिया, अनूप, मनीष, नीरज, विकास, भीम सिंह, शेखर, अंकित, जयप्रकाश, सोनू कुमार व प्रदीप सहित अनेक सीपीएलओ कर्मचारी मौजूद रहे।