फोटो नंबर-17राजकीय महिला महाविद्यालय, नारनौल।
नारनौल। उच्चतर शिक्षा विभाग ने कई नए स्नातक पाठ्यक्रमों को मंजूरी दे दी है। इसके बावजूद राजकीय कॉलेजों में अभी दाखिलों को लेकर जैसी रफ्तार होनी चाहिए वैसी नजर नहीं आ रही है। ऐसे में विद्यार्थी नए कोर्सों और प्रवेश प्रक्रिया को लेकर असमंजस में हैं।
राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल में बीएससी मैथमैटिक्स मेजर (ऑनर्स) और बीए इंग्लिश मेजर (ऑनर्स) शुरू करने की स्वीकृति दी गई है। दोनों पाठ्यक्रमों में 40-40 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा कई राजकीय महाविद्यालयों में फिजिकल एजुकेशन विषय शुरू करने की मंजूरी भी दी गई।
विभाग ने यूजी प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 मई से शुरू कर दी थी और 31 मई अंतिम तिथि निर्धारित की है। अंतिम तिथि में अब केवल सात दिन शेष हैं लेकिन अधिकांश कॉलेजों में सीटों के मुकाबले आधे आवेदन भी प्राप्त नहीं हुए हैं।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल में 1540 सीटों के मुकाबले अब तक करीब 298 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं राजकीय महिला महाविद्यालय में 1200 सीटों के लिए केवल 189 आवेदन आए हैं।
कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि अंतिम सप्ताह में आवेदन संख्या में तेजी आएगी लेकिन नए कोर्सों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू न होने से विद्यार्थियों की चिंता बढ़ती जा रही है।
बाक्स-
बीएससी विद्यार्थियों को बीई/बीटेक लैटरल एंट्री पाठ्यक्रमों में प्रवेश के अवसरों के बारे में जागरूक करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कम से कम 45 प्रतिशत अंक हासिल किए हों व 10+2 स्तर पर गणित विषय का अध्ययन किया हो वे बीई/बीटेक लैटरल एंट्री कोर्स में प्रवेश लेने के पात्र हैं।
-डॉ. सतीश सैनी, नोडल अधिकारी, पीजी कॉलेज