महेंद्रगढ़। नगर पालिका की फाइनेंस कमेटी की बैठक शुक्रवार को कोरम पूरा न होने के कारण रद्द कर दी गई। इस बैठक में शहर के विकास कार्यों से जुड़े करीब 6.50 करोड़ रुपये के 15 प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी होनी थी लेकिन पार्षदों और अधिकारियों की अनुपस्थिति के चलते बैठक आगे नहीं बढ़ सकी।
नगर पालिका कार्यालय में यह बैठक दोपहर 1 बजे निर्धारित थी। तय कार्यक्रम के अनुसार निर्माण कार्यों, विकास परियोजनाओं और भुगतान संबंधी प्रस्तावों को एजेंडे में शामिल किया गया था।
सभी की नजर इस बैठक पर थी क्योंकि इससे कई विकास कार्यों को वित्तीय स्वीकृति मिलनी थी। करीब एक घंटे तक इंतजार के बाद जब आवश्यक सदस्य और अधिकारी नहीं पहुंचे तो बैठक को स्थगित करना पड़ा। इससे शहर के विकास कार्यों में देरी की संभावना बढ़ गई है।
इस मौके पर नगर पालिका प्रधान रमेश सैनी, उपप्रधान मंजू कौशिक और वार्ड नंबर एक की पार्षद सरिता राठी सहित कुछ अधिकारी मौजूद रहे।
उपप्रधान मंजू कौशिक ने बताया कि बैठक स्वच्छता अभियान के बजट आवंटन को लेकर बुलाई गई थी लेकिन कोरम पूरा नहीं होने के कारण इसे रद्द करना पड़ा। उन्होंने कहा कि फाइनेंस कमेटी से पहले नगर पालिका हाउस की बैठक होना जरूरी है, ताकि सभी वार्डों के पार्षद अपने सुझाव रख सकें।
वहीं, सूचना व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। पार्षदों का कहना है कि बैठक की जानकारी दो से तीन दिन पहले दी जानी चाहिए थी, जबकि सूचना केवल एक दिन पहले व्हाट्सएप के माध्यम से दी गई। पार्षद विष्णु किसी कार्य से बाहर थे जबकि सचिव और अन्य अधिकारी भी विभिन्न कार्यों में व्यस्त रहने के कारण बैठक में नहीं पहुंच सके। अब इन सभी प्रस्तावों पर अगली बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
वर्जन:
स्वच्छता अभियान के तहत फाइनेंस कमेटी की बैठक आयोजित की जानी थी लेकिन कोरम के अभाव में रद्द करना पड़ा। अब जल्द ही अधिकारियों से बात करके नई तारीख का एलान किया जाएगा।-रमेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका, महेंद्रगढ़
-
ये एजेंडे होने थे शामिल
कार्य विवरण
लागत
विभिन्न स्थानों पर पेयजल कूलर उपलब्ध कराना व स्थापित करना
47.50 लाख
क्लैंप, पाइप, नट-बोल्ट सेट की खरीद
70,800
90 वाट एलईडी स्ट्रीट लाइट की खरीद
96,760
16 वर्ग मिमी व 2.5 वर्ग मिमी केबल की खरीद
90,860
फॉगिंग मशीन की खरीद
90 हजार
महाराणा प्रताप चौक व राव तुलाराम चौक पर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम
47 लाख
विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाना
49.50 लाख
वार्ड-13 में श्मशान घाट का विकास कार्य
24.96 लाख
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की छत की मरम्मत
11.167 लाख
नालियों पर आरसीसी ढक्कन लगाना व मरम्मत कार्य
23.76 लाख
वार्ड-8 में सड़क निर्माण (80 मिमी आईपीबी) 7.044 लाख
वार्ड-2 में सड़क निर्माण कार्य
49.69 लाख
एंटी-स्मॉग गन (ट्रैक्टर सहित) की खरीद
23,15,380
5000 लीटर जल टैंकर (ट्रैक्टर सहित)
12,60,830
एसबीएम-यू 2.0 के तहत गाद निकालने वाला वाहन
2 लाख