फोटो 16बीएलए-2 और सुपरवाइजर्स को संबोधित करते एसडीएम अनिरुद्ध यादव।स्रोत:प्रशासन
नारनौल। एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अनिरुद्ध यादव की अध्यक्षता में रविवार को नारनौल के पंचायत भवन में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में नारनौल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की सभी राजनीतिक पार्टियों के बीएलए-2 और सुपरवाइजर्स ने हिस्सा लिया।
इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बिल्कुल सटीक, पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है जिसमें सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल हों।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे बिना किसी देरी के जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने सभी बीएलए-2 और सुपरवाइजर्स को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से काम में जुट जाएं ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर इस कार्य को संपन्न किया जा सके।
उन्होंने कहा कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र पर बीएलओ और साथ ही उस मतदान केंद्र के मतदाताओं के साथ एक बैठक करें। बीएलओ आपके साथ अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डूप्लिकेट मतदाताओं की जो सूची साझा करेंगे। इसकी अपने स्तर पर भी पुष्टि करें। यदि पुष्टि के बाद सूची सही पाई जाती है तो उस पर अपने-अपने हस्ताक्षर अवश्य करें।
इस दौरान उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्य की बारीकियों और नियमों को बारीकी से समझाया ताकि धरातल पर काम करते समय किसी भी तरह की तकनीकी परेशानी न आए। इस मौके पर प्रशिक्षक साकेत कुमार ने पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया।