फोटो नंबर-04नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण करती सीजेएम नीलम कुमारी। स्रोत: विभाग
नारनौल। सीजेएम नीलम कुमारी ने सोमवार को नागरिक अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र, माधव नशा मुक्ति केंद्र और पुलिस लाइन के सेफ हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ कहा कि नशा मुक्ति केंद्रों में इलाज और देखभाल में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को युवाओं की नियमित काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीजेएम ने केंद्रों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी परेशानियां जानीं। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों की नियमित मौजूदगी की जांच की। उन्होंने कहा कि नशा छोड़ रहे युवाओं को मानसिक रूप से मजबूत बनाना जरूरी है, ताकि वे दोबारा नशे की तरफ न जाएं।
इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित सेफ हाउस का दौरा कर वहां रह रहे जोड़ों की सुरक्षा और रहने की सुविधाओं का जायजा लिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। सीजेएम ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को समय पर मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्राथमिकता है।