यूपीएससी द्वारा आयोजित की गई परीक्षा में ऑल इंडिया 93 रैंक लेकर नीति यादव का सीएपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर चयन हुआ है। नीति यादव के मामा जय सिंह ठेकेदार व जगदीश उर्फ धौलू ने बताया कि नीति यादव ने यह परीक्षा दिसंबर 2020 में दी थी। जिसका परिणाम चार जनवरी को आया था। मूल रूप से राजस्थान प्रदेश के जिला झुंझुनू के गांव सुरजगढ़ की नीति यादव की इस उपलब्धि पर उसके ननिहाल गांव खातोद में खुशी की लहर है। उन्होंने बताया कि नीति का बचपन खातोद गांव में बीता जिसके कारण उसका इस गांव से विशेष लगाव है। पढ़ाई के दौरान भी वह छुट्टियों में ननिहाल आती रही है। बचपन से ही नीति पढ़ाई में होशियार थी और उसका मिलनसार स्वभाव सबको भाता है। उन्होंने कहा कि उसकी इस उपलब्धि पर युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही गांव खातोद आगमन पर अभिनंदन समारोह किया जाएगा।