गांव खेड़ी में बिजली का करंट लगने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। जिसको लेकर ग्रामीणों में बिजली निगम के कर्मचारियों के प्रति रोष है।
जानकारी अनुसार गांव खेड़ी में स्थित बड़ के पेड़ के समीप बिजली का पोल लगा है। जिसके कारण पक्षी पेड़ से उड़ कर बिजली के पोल पर बैठते हैं जहां वह काल का ग्रास बन रहे हैं। ग्रामीण अशोक कुमार, अमर सिंह, अनिल, प्रदीप कुमार, चेतराम व सतेंद्र आदि ने बताया कि पोल पर लगी बिजली की केबल क्षतिग्रस्त हो रही है जिस कारण से पक्षी काल का ग्रास बन रहे हैं। लोगों ने बताया कि पिछले एक पखवाड़े में यहां राष्ट्रीय पक्षी मोर के मरने की यह तीसरी घटना है इस से पहले दो मोर की इसी स्थान पर करंट लगने से मौत हो चुकी। उन्होंने बताया कि बिजली निगम के कर्मचारियों वे अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराने के बावजूद भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे। जिसके कारण ग्रामीणों में निगम के प्रति खासी नाराजगी पनप रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समय रहते पोल पर लगी केबल को दुरुस्त करने की मांग कि है ताकि भविष्य में कोई इस तरह की दुघर्टना न हो।
इस तरह की कोई समस्या उनके संज्ञान में नहीं है फिर भी अगर यह बात है तो उसे जल्द ही दुरुस्त करने का काम किया जाएगा। -अरुण कुमार, एसडीओ, बिजली निगम।