कई सालों से नारनौल स्टेशन पर टीन शेड बनने का इंतजार कर रहे यात्रियों व लोगों के लिए खुशखबरी है। नारनौल स्टेशन पर जल्द ही नए शेड का निर्माण किया जाएगा। जिसके निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। 65 बाई 11 मीटर क्षेत्र में बनने वाला यह टीन शेड करीब एक माह में बनकर तैयार हो जाएगा। इस शेड के निर्माण पर करीब 25 लाख रुपये की लागत आएगी। इस टीन शेड के बनने के बाद स्टेशन का सौंदर्यीकरण बढ़ेगा, वहीं लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके अलावा स्टेशन पर अन्य कार्य भी किए जाएंगे। जिससे यात्रियों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। शुक्रवार को इसको लेकर जयपुर मंडल के एसीएम लीलाराम मीणा ने नारनौल स्टेशन का दौरा भी किया।
आमान परिवर्तन के बाद नारनौल के नए रेलवे स्टेशन का निर्माण 19 फरवरी 2010 को हुआ था। इसके बाद यहां पर केवल एक छोटा सा टीन शेड लोगों के ठहरने के लिए बनाया गया था। इससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को गर्मी व बरसात के मौसम में होती थी। गर्मी में जहां छाया के अभाव में लोग स्टेशन पर कड़ी धूप में खड़े होकर घंटों ट्रेनों का इंतजार करते थे। वहीं बरसात के मौसम में लोगों को भीगना पड़ता था। ट्रेन आने पर लोग बरसात के मौसम में भीगते हुए ही स्टेशन पर उतरते थे तथा ट्रेनों पर चढ़ते थे।
-25 लाख रुपये की आएगी लागत
नए बनने वाले टीन शेड की लंबाई व चौड़ाई 65 बाई 11 मीटर होगी। जिस पर करीब 25 लाख रुपये की लागत आएगी। इसका निर्माण कार्य भी वीरवार से शुरू हो गया। पहले चरण में इसके पोल के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं।
स्टेशन की मुख्य बिल्डिंग होगी पूरी कवर
टीन शेड बनने के बाद रेलवे स्टेशन की बनी हुई बिल्डिंग पूरी तरह कवर हो जाएगी। इसके नीचे सैकड़ों लोगों के आराम से खड़े रहने की व्यवस्था होगी। जिससे धूप व बरसात के मौसम में लोगों को फायदा होगा।
होगा स्टेशन का सौंदर्यीकरण
नया टीन शेड बनने के बाद स्टेशन का सौंदर्यीकरण भी होगा। अभी तक तो स्टेशन पर आने पर स्टेशन जैसा एहसास नहीं होता, मगर टीन शेड लग जाने के बाद लोगों को स्टेशन जैसा आभास होगा। वहीं सुनसान दिखने वाला स्टेशन भरा-भरा दिखाई देगा।
-
एसीएम ने किया दौरा, ली बैठक
शुक्रवार को जयपुर मंडल के एसीएम लीलाराम मीणा ने नारनौल स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नारनौल रेलवे सलाहकार समिति की बैठक भी ली। बैठक में स्टेशन मास्टर महेंद्र कुमार के अलावा सलाहकार समिति के कई सदस्य उपस्थित थे। बैठक में स्टेशन संबंधी समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। सलाहकार समिति ने अनेक समस्याएं रखी। इनमें प्रमुख रूप से स्टेशन पर शौचालयों के निर्माण वसही रखरखाव, पीने के पानी, साफ सफाई, स्टेशन पर एटीएम लगाने, दो नंबर प्लेटफार्म पर टीन शेड लगाने, ट्रेनों की सूचना के लिए डिस्पले बोर्ड लगाने तथा नारनौल स्टेशन पर नारनौल के नाम बड़ा लाइडिंग बोर्ड लगाने संबंधी मांगेरखी। सभी मांगों को एसीएम ने नोट कर जल्द से जल्द इनको पूरा करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर समिति सदस्य बिशन स्वरुप भोजावासिया, असीम राव, रामस्वरुप, राजेश कुमार, अजीत जैन व बृजमोहन एडवोकेट भी उपस्थित थे।
-अमर उजाला में छपी खबर का मुद्दा छाया
बैठक के दौरान एसीएम ने स्टेशन पर असुविधाओं के बारे में अखबार में छपी खबरों के बारे में स्टेशन मास्टर महेंद्र सिंह से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि यहां टायलेट की सुविधा बहुत ही खराब है। इस बारे में अखबारों में समाचार प्रकाशित होते हैं। इस ओर ध्यान दिया जाए। बैठक में स्टेशन की अन्य समस्याओं के बारे में भी एसीएम ने स्टेशन मास्टर से बातचीत की।
नप के सहयोग से बनेगा सुलभ शौचालय
एसीएम लीलाराम मीणा ने बताया कि यहां पर सुलभ शौचालय की समस्या है। जो बना हुआ है, वहां साफ-सफाई नहीं हो रही। ऐसे में नप के सहयोग से शौचालय बनाया जाएगा, ताकि उसका सही रखरखाव हो सके। यदि इस बारे में कोई दिक्कत होगी तो वह भी दूर की जाएगी।
पानी की समस्या का भी होगा समाधान
स्टेशन पर पीने के पानी की समस्या है। बैठक में इस समस्या का भी जल्द से जल्द समाधान किए जाने के बारे में भी विचार विमर्श किया गया।