महेंद्रगढ़ जिले में खंड के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर 134 ए के तहत परीक्षा आयोजित करवाई गई। इस परीक्षा में पूरे जिले से 547 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था जिसमें केवल 279 विद्यार्थियों ने भाग लिया बाकी 268 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। तीन घंटे चली परीक्षा सभी केेंद्रों पर शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई किसी प्रकार की कोई घटना सामने नहीं आई। परीक्षा में कक्षा दूसरी से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इस परीक्षा में कक्षा प्रथम और 11वीं के विद्यार्थियों को शामिल नहीं किया गया । इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावनिया ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया तथा बच्चों से समस्या के बारे में पूछा। परीक्षा का रिजल्ट अलग-अलग खंड स्तर पर घोषित किया जाएगा। यह परीक्षा आयोजित करवाकर सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीब बच्चों को एक और मौका दिया ताकि विद्यार्थी अपने पसंद के स्कूल में जाकर अच्छी पढ़ाई कर सके। इससे पहले 1 मई को भी यह परीक्षा आयोजित की जा चुकी है।
फोन से किया था सूचित
134 के तहत आयोजित दूसरी परीक्षा में विद्यार्थियों ने रूचि नहीं दिखाई। परीक्षा में जिले भर में मात्र 51 प्रतिशत विद्यार्थियों ने ही भाग लिया। जबकि सभी अभिभावकों को समाचार पत्र एवं फोन के माध्यम से परीक्षा के बारे में अवगत करवा दिया गया था।
7 को घोषित किया जाएगा परिणाम
महेंद्रगढ़ खंड कार्यालय के लिपिक महेंद्र सिंह ने बताया कि खंड में कुल 3500 विद्यार्थियों की सीटें थीं। 107 एडमिशन पहले आयोजित परीक्षा द्वारा करवाए जा चुुके हैं। इस परीक्षा की चेकिंग 4 जुलाई को होगी और 7 जुलाई को खंड का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। परीणाम की लिस्ट खंड कार्यालय महेंद्रगढ़ के बाहर चिपका दी जाएगी। परीक्षा में उर्त्तीण होने के लिए विद्यार्थियों को 55 प्रतिशत अंक लेने अनिवार्य हैं।
देरी से करवाई परीक्षा
अभिभावकों का मानना है कि परीक्षा बहुत देरी से आयोजित करवाई गई। सरकार को अप्रैल माह में यह परीक्षा आयोजित करवानी थी ताकि बच्चों को इसका पूरा फायदा मिल सके। अभी तक निजी स्कूलों में प्रथम सेमेस्टर का आधे से ज्यादा सेलेबस हो चुुका है। बच्चे अब एडमिशन करवाने पर दो महीने की पढ़ाई कैसे कवर कर पाएगा। अभी तो उन्होंने बच्चे का एडमिशन करवा दिया है। इतन देरी से एमिशन करवाने का कोई फायदा भी नहीं है।
जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश लावनिया ने बताया कि सभी खंडों पर परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई है किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई घटना नहीं हुई। अब जल्द ही इस परीक्षा का रिजल्ट भी घोषित करवा दिया जाएगा।
यह रहा आंकड़ा
खंड कुल आवेदन उपस्थित विद्यार्थी अनुपस्थित विद्यार्थी
महेंद्रगढ़ 209 158 51
अटेली 62 30 32
कनीना 100 37 63
नारनौल 168 45 123
नांगल चौधरी 08 07 01
कुल 547 279 268