महेंद्रगढ़। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों को बाहर चाय की दुकान पर बैठकर चाय नहीं पीनी पड़ेगी बल्कि उनके के लिए अब कॉलेज में ही एक वीआईपी कैंटीन बनाई जाएगी। कैंटीन को लेकर कॉलेज प्रशासन ने काम शुरू करवा दिया है। इतना ही नहीं कॉलेज की 1 करोड़ 27 लाख रुपये से कायाप्लट होगी जिसकी ग्रांट दो महीने पूर्व कॉलेज के पास आ चुकी है। ये रुपये कॉलेज प्रशासन पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत, कैंटीन, पानी का बोर, रंग पेंट सहित अन्य सुविधाओं पर खर्च करेगा। सारा कार्य पोलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा किया जाएगा। इन काम को पूरा होने में लगभग 8 माह का समय लग जाएगा। कॉरपोरेशन ने अपना कार्य शुरू कर दिया। कॉलेज में पानी के बोर कार्य पूरा हो चुका है। अब रंग पेंट के लिए काम शुरू किया जा चुका है। कॉलेज कैंपस वाई फाई युक्त भी बनाया जाएगा जिससे कॉलेज के विद्यार्थी आधुनिक तकनीकी से जुड़ेंगे। उक्त काम पूरा होने के बाद कॉलेज की लगभग सभी समस्याएं दूर हो जाएंगी। कॉलेज एक नए रूप में दिखेगा। अगर वर्तमान स्थिति की बात करें तो कॉलेज बहुत दयनीय स्थिति में हैं।
डीयू की दर्ज पर बनेगी कैंटीन
कॉलेज कैंटीन दिल्ली विश्वविद्यालय की दर्ज पर तैयार की जाएगी। इसके अंदर 100 विद्यार्थी एक साथ बैठकर जलपान ग्रहण कर सकेंगे। कैंटीन के अंदर सभी प्रकार की व्यवस्थाएं होंगी तथा खाने पीने के ब्रांडिड वस्तुएं होंगी। दिसंबर से पहले कैंटीन शुरू हो जाएगी।
विदेेशी पौधों से सजेगा लान
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लान अब कांग्रेस घास से नहीं बल्कि विदेशी पौधों से सजेगा। लान में मुलायम घास लगाई जाएंगी तथा चारों ओर पौधे लगाए जाएंगे। यानी लान को आधुनिक रुप से विकसित किया जाएगा ताकि विद्यार्थी अपने खाली पीरियड में वहां बैठकर अपना समय बीता सकें।
पार्किंग की होगी व्यवस्था
लंबे अरसे के बाद अब कॉलेज में पार्किंग व्यवस्था भी बनाई जाएगी। लगभग 20 वर्षों से कॉलेज में पार्किंग व्यवस्था नहीं थी जिस कारण विद्यार्थी एवं प्रोफेसर अपनी बाइक एवं कार इधर-उधर खड़ी कर देते थे जिससे न केवल रास्ता बाधित होता था बल्कि अन्य विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ती थी। कॉलेज परिसर में एक बड़ा टीन शेड लगाया जाएगा जहां पर बाइक एवं कार पार्क की जा सकेंगी। इसके अलावा कॉलेज में शौचालयों के दो ब्लॉक बनाए जाएंगे। एक ब्लॉक छात्रों का होगा जिसमें 10 शौचालय तथा दूसरा ब्लॉक छात्राओं का होगा जिसमें 7 शौचालय बनाए जाएंगे।
पानी की नहीं रहेगी कमी
कॉलेज में पानी की कमी नहीं रहेगी। पानी के लिए कॉलेज परिसर में 800 फिट का बोर किया गया है जिसमें पानी भी हो गया है। इसकी आगामी की कार्रवाई जारी है। पानी के लिए बड़ी मोटर लगाई जाएगी जिससे पानी निकालने में कोई समस्या उत्पन्न नहीं हो। अभी कॉलेज परिसर में पानी पब्ल्कि हैलथ के द्वारा दी जाने वाली सप्लाई से आता था। कई बार मोटर फेल हो जाने के कारण कॉलेज में पानी की समस्या उत्पन्न हो जाती थी। लेकिन अब वह समस्या नहीं रहेगी।
इन पर भी होगा काम
पुरानी बिल्डिंग की मरमत करवाई जाएगी।
पुरानी बिल्डिंग पर रंग पेंट करवाया जाएगा।
कॉलेज परिसर वाई फाई युक्त होगा।
छत के पानी निकासी की व्यवस्था।
पुराने शौचालयों की मरम्मत
इस संदर्भ में कॉलेज प्राचार्य बस्तीराम यादव ने बताया कि कॉलेज के पास 1 करोड़ 27 लाख रुपये की ग्रांट आई है। इस ग्रांट से कॉलेज की कायापल्ट की जाएगी तथा विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।