मंडी अटेली। मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री बेचने की शिकायत मिलने पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे के एक टिफिन सेंटर समेत प्लॉजा और पीएमजी में छापामारी कर सैंपल लिए। विभाग की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई से बचने के लिए देखते ही देखते दुकानें बंद हो गई। इस दौरान टीम को ऐसी खाद्य सामग्री मिली जिनमें फफूंद जमी हुई थी।
कार्यवाहक सीएमओ डॉ. कुलदीप यादव, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आदित्य और एचआई जय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने छापामारी की। टीम के अनुसार ऐसी वस्तुओं को बेचा जा रहा है, जिसमें फफूंद लगी हुई है। इनको खाने से बीमार होने से नहीं बचा जा सकता है। इसके अलावा एक्सपायरी सामग्री भी दुकानों में मिली है। छापामारी की सूचना मिलते ही खाद्य सामग्री वाली सभी दुकानों के शटर देखते ही देखते धड़ाधड़ नीचे गिरा दिए। बाजार बंद होने पर लोगों का कहना था कि मिलावट का खेल अधिकतर दुकानों में चल रहा है। इसी कारण दुकानदार कार्रवाई के भय से दुकानों का शटर गिराकर भाग गए हैं। दुकानदारों ने करीब तीन घंटे तक दुकानें बंद रखी।
खाद्य आपूर्ति अधिनियम के तहत कोई भी खराब और मिलावट की उन वस्तुओं को नही बेच सकता जिससे स्वास्थ्य को नुकसान होता हो। अधिक मुनाफे के चक्कर में लोग ऐसी सामग्री की मिलावट कर देते हैं जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इस प्रकार की घटिया सामग्री बेचने वालों की शिकायत दें ताकी स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोका जा सके। - डॉ. आदित्य, वरिष्ठ चिकित्सक
लगातार शिकायत मिल रही थी कि कस्बे में खराब और मिलावट का राशन बेचा जा रहा है। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। लोगों की शिकायत पर तीन स्थानों से सैंपल लिए गए हैं। सैंपल के परिणाम के बाद इन लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. कुलदीप यादव, सीएमओ