नारनौल। श्री गुरुनानक देव का 547वां प्रकाशोत्सव समारोह सोमवार को गुरुद्वारा सिंह सभा में धूमधाम से मनाया गया। गुरुद्वारे में आज सुबह से ही पंथ के रागी जत्थों ने शब्द कीर्तन के द्वारा संगत को निहाल किया। इसके अलावा सिंह सभा गुरुद्वारे के मुख्य ग्रंथी मनजीत सिंह, दशमेश नगर के मुख्य ग्रंथी कर्मजीत सिंह तथा बीबी प्रभासिमरन कौर के जत्थों ने कीर्तन के माध्यम से गुरुजी की महिमा का गुणगान किया। इसके बाद गुरुद्वारे में अटूट लंगर का आयोजन किया गया। जिसमें अनेक लोगों ने लंगर में प्रसाद छका। इस अवसर पर स्थानीय विधायक ओमप्रकाश यादव ने भी गुरुद्वारे पहुंचकर समाज के लोगों को गुरुनानक देव के जन्मदिवस की बधाई दी। इस मौके पर गुरुद्वारा सिंह सभा के प्रधान सरदार सुरेंद्र सिंह चावला, सचिव सुरजीत सिंह अरोड़ा, सरदार गुरमेल सिंह, तेजंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, बलवीर सिंह, प्रकाश सिंह, रणजीत सिंह तथा निधान सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित थे।