नारनौल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं व बारहवीं कक्षा की रि-अपीयर परीक्षा के दौरान नारनौल के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक छात्रा ने बोर्ड की स्पेशल फ्लाइंग टीम में शामिल लेक्चरर पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित छात्रा ने इस मामले में लेक्चरर के खिलाफ महिला थाना और केंद्र अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी लेक्चरर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। नारनौल महिला कालेज में कार्यरत लेक्चरर पर 2012 में कृष्ण नगर कालेज में बीएड की परीक्षाओं में छात्राओं ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत की थी। मामला मीडिया में आने के बाद लेक्चरर को परीक्षा ड्यूटी से हटा दिया गया था। वहीं शनिवार को नारनौल में दस जमा दो की एक छात्रा ने एक बार फिर उक्त लेक्चरर पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर उसकी कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर दिया है।
पीड़ित छात्रा ने शनिवार को परीक्षा के तुरंत बाद कालेज लेक्चरर की हरकत की शिकायत केंद्र अधीक्षक तथा महिला थाना में लिखित रूप में देकर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। छात्रा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि शनिवार सायंकालीन सत्र में उसका अंग्रेजी विषय का पेपर था। जब वह पेपर दे रही थी तो फ्लाइंग टीम में उक्त लेक्चर ने उसके पास आकर उसे खड़ा किया और उसके साथ बदनियत से पेश आया। वहीं इस मामले में परीक्षा केंद्र अधीक्षक सूबेसिंह यादव ने भी अपनी तरफ से एक लिखित शिकायत महिला थाना में दी है। इसमें उन्होंने कहा कि फ्लाइंग में शामिल कालेज लेक्चरर ने उसकी उपस्थिति में छात्रा के साथ बदसलूकी की।
इस मामले में जब महिला थाना से संपर्क किया गया तो वहां से बताया गया कि छात्रा की शिकायत थाना में आई हुई है। इसकी जांच एएसआई उर्मिला को सौंपी गई है।