अटेली मंडी (नारनौल)। समाज की भलाई के लिए राजनीति और धर्म को मिलकर काम करना होगा। मनुष्य निर्माण के लिए यह बहुत जरूरी है। समाज में यह धारणा बन गई है कि धर्म और राजनीति को अलग रखना चाहिए लेकिन समाज मेें संपूर्ण सुचिता लाने के लिए इन्हें एक साथ आना ही होगा। वे शुक्रवार को अटेली मंडी में श्री स्वामी जगन्नाथ चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित गुरुजन स्मृति समारोह में बोल रहे थे।
सीएम ने कहा कि समाज में केवल सड़कें व पुल बनवाने से ही विकास नहीं होगा। इन सबके साथ-साथ मानव विकास बहुत जरूरी है। इस काम की दिशा में सरकार ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ व स्वच्छता जैसे अभियान चलाकर समाज में एक नई चेतना पैदा की है। विश्व स्तर के गीता जयंती समारोह का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने इससे पहले गांव सुजापुर में 447.98 लाख की लागत से तैयार होने वाले आईटीआई भवन, अटेली-बहरोड़ रोड पर लगभग 25 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले रेलवे ओवर ब्रिज तथा गांव सेहलंग में 27 लाख की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास किया।
अटेली को दी करोड़ों की सौगात
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अटेली हलके को करोड़ों रुपये की सौगात दी। सीएम ने राजकीय कालेज में लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत का आडिटोरियम, अनाज मंडी में 60 लाख की लागत से किसान भवन, फतनी में मल्टी स्किल सेंटर, पृथ्वीपुरा से कांटी तक का रास्ते पर पक्की सड़क बनाने, इसी गांव में पंचायत भवन व आंगनबाड़ी केंद्र तथा स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन की घोषणा की। इसके अलावा 60 गांवों में नहर आधारित पेयजल सप्लाई के संबंध में भी सीएम ने जल्द कार्रवाई करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने अटेली में बरसाती पानी निकासी की व्यवस्था तथा नगर परिषद द्वारा जमीन उपलब्ध कराते ही इन दोनों कामों पर 5 करोड़ रुपए खर्च करने की घोषणा की। इसी प्रकार बजाड़ से गणिहार तक 81 लाख की लागत से सड़क निर्माण, बिहाली की गोशाला के लिए 10 लाख रुपए, खेड़ी की गोशाला के लिए 5 लाख रुपए की घोषणा भी की।
सीएम ने स्वामी जगन्नाथ चैरिटेबल ट्रस्ट को नियमानुसार 100 वर्ग गज का प्लाट देने के अलावा अपने स्वैच्छिक कोटे से 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसी ट्रस्ट को हरियाणा विधानसभा की डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने भी अपने स्वैच्छिक कोटे से 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट द्वारा आयोजित आंखों के कैंप का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर जगन्नाथ चैरिटेबल ट्रस्ट के संरक्षक हंसादेवाचार्य, स्वर्णानंद सरस्वती, स्वामी धर्मदेव, महाराज जर्नाधन, पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर सिंह, हरियाणा विस उपाध्यक्ष संतोष यादव, सांसद धर्मवीर सिंह, विधायक डा. अभय सिंह, विधायक ओमप्रकाश, विधायक सुभाष सुधा, विधायक विक्रम सिंह यादव, चेयरमैन हरियाणा एग्रो इंडस्ट्री गोबिंद भारद्वाज, बीजेपी जिला अध्यक्ष शिव कुमार मेहता, मनीष मित्तल, पूर्व जिला अध्यक्ष कंवर सिंह, अजीत सिंह व सत्यवर्त शास्त्री आदि रहे।