नारनौल के मंडी अटेली क्षेत्र में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने शुक्रवार को कस्बे के पुराने बस स्टैंड पर स्थित एक मिष्ठान भंडार पर छापा मारकर विभिन्न मिठाइयों के सैंपल लिए। उक्त सैंपलों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के सहायक उपनिरीक्षक कर्मपाल, डॉ. दीपक चौधरी, हवलदार सुनील कुमार, अजय कुमार, गुप्तचर विभाग के एएसआई पवन कुमार की संयुक्त टीम ने एक मिष्ठान भंडार पर छापा मारा। जांच के दौरान टीम ने मिठाइयों की गुणवत्ता को जांचा।
वहीं जिनमें मिलावट की आशंकाएं थी, उनके सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेजा गया। टीम ने बताया कि त्योहार के समय मिठाइयों की बिक्री अधिक होती है ऐसे में दुकानदारों द्वारा मिलावट कर देते हैं। तीज त्योहार को देखते हुए घेवर, बर्फी व पैठा आदि में मिलावटी खाद्य सामग्री बनाते हैं।
टीम का लक्ष्य है कि मिलावटी सामान बेचने वाले पर कानूनी कार्रवाई हो। टीम ने बीकानेरी मिष्ठान भंडार से घेवर, रसगुल्ला व बर्फी आदि मिठाइयों के सैंपल लिए है। जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिलावट के बारे में सही जानकारी मिल सकेगी।