निकाय चुनावों की तारीख घोषणा के साथ ही क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां भी तेज हो गई है। चुनावी तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे-वैसे दावेदार भी अपने प्रचार-प्रसार में तेजी से लग गए है। नामांकन के साथ ही चुनावी मैदान में उतरने वाले दावेदारों के बैनर व पोस्टर भी शहर के सभी मोहल्लों व गलियों में दिखाई देने लग गए है। इस बार नारनौल परिषद चुनाव में शहर के सभी 25 वार्डों में हर वार्ड से एक-दो महिला भी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रही है। इसके लिए महिला दावेदार भी अपने-अपने क्षेत्र के मतदाताओं को हर प्रकार से अपने पक्ष में मतदान करने के लिए दौड़ धूप करने में लगी है। दावेदार मतदाताओं व चित-परिचित लोगों को अपने पक्ष में वोट डालने के लिए सुबह से लेकर सायं तक इस गर्मी के मौसम में पसीना बहाते हुए दिखाई देने लगे है। वहीं कई दावेदारों ने तो चुनावी प्रचार-प्रसार के लिए अपने सगे संबंधियों को भी कुछ दिनों के लिए बुला लिया है, ताकि उनका चुनावी प्रचार-प्रसार चुनाव तक पूरे जोर से चलता रहे और अधिक से अधिक मतदाताओं को अपने पक्ष में किया जा सके।
गली-गली पसीना बहा रहे
नामांकन जमा करवाने के बाद से ही दावेदा अपने-अपने मोहल्लों के मतदाताओं को अपने पक्ष मतदान करने के लिए सुबह-सायं पसीना बहाने लगे है। दावेदार सुबह जल्दी ही नहा-धोकर व पूजा अर्चना कर वोट मांगने के निकल रहे है। दावेदार अपने-अपने मोहल्ले के लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ अधिक से अधिक समय बीता रहे है।
51241 मतदाता करेंगे 25 पार्षदों का चयन
इस बार नगर परिषद नारनौल के 25 वार्ड बनाए गए हैं। जो कि पिछली नप से दो अधिक हैं। साथ ही परिसीमन के चलते सभी वार्डों में मतदाताओं का गणित बिगड़ गया है। 29 मार्च को फाइनल हुई मतदाता सूची के अनुसार 51241 मतदाता 25 पार्षदों का चयन करेंगे। इनमें 26933 पुरुष जबकि 24308 महिला मतदाता है। अलग-अलग वार्डों में मतदाताओं की संख्या में भी काफी अंतर है। कुछ वार्डों में जहां मतदाताओं की संख्या तीन हजार के पार है। वहीं कुछ वार्डों में हजार से भी नीचे हैं।
11 तक भरे जाएंगे नामांकन
जिले में 22 मई को होने वाले नगर परिषद व नगर पालिका चुनावों के लिए 11 मई तक नामांकन भरे जाएंगे। यह काम 11 मई को सायं 3 बजे तक होगा। उपायुक्त संजीव वर्मा ने बताया कि 12 मई को दोपहर 11 बजे से पहले पहले सभी प्रत्याशियों को निर्धारित प्रफोर्मा में यह सूचना देनी होगी कि वह किसी भी प्रकार से चुनाव लडने के अयोग्य नहीं है। वह पूरी तरह से योग्य है। इसी दिन 11.30 बजे बाद नामांकन की छंटनी होगी। आगामी 13 मई तक कोई भी प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकता है। उसके बाद 3 बजे के बाद इसी दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।
अब तक 65 लोगों ने किया नामांकन
5 मई बृहस्पतिवार से शुरू हुई नारनौल नगर परिषद चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन किसी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र जमा नहीं करवाया जबकि शुक्रवार को केवल दो दावेदारों ने ही नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं शनिवार को कुल 22 ने अपना नामांकन पत्र भरा, लेकिन रविवार व सोमवार का अवकाश होने के चलते दावेदार नामांकन दाखिल नहीं कर सके। इसके चलते मंगलवार को नारनौल नगर परिषद में नामांकन जमा करवाने वाले दावेदारों की काफी भीड़ लगी रही। मंगलवार को अब तक के सबसे अधिक 41 नामांकन भरे गए।
वार्ड नंबर 9 और 24 के लिए नहीं पहुंचा कोई
22 मई को होने वाले नारनौल नगर परिषद चुनाव के लिए जहां 5 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शहर के लगभग सभी वार्डों से नामांकन पत्र भरकर उम्मीदवार अपने-अपने मतदाताओं को रिझाने में लगे हुए है, वहीं दूसरी ओर शहर के वार्ड नंबर 09 व 24 से अभी तक कोई संभावित दावेदार सामने नहीं आया है।
इन लोगों ने किया नामांकन
नारनौल नगर परिषद के वार्ड नंबर एक से बलबीर सिंह, वार्ड नंबर दो से अनीता व ममता, वार्ड नंबर तीन से अजय गोयल, हरी सिंह, मोहन लाल, पंकज व प्रदीप, वार्ड नंबर चार से कृष्ण कुमार, तोताराम, वार्ड नंबर पांच से मंजू मित्तल, वार्ड नंबर छह से भगवती, गीता कुमारी, मंजू, प्रीति रानी, सुमन, वार्ड नंबर सात से दिनेश कुमार, हेमंत, नरेश कुमार, वार्ड नंबर आठ से रतन लाल, सुंदर, वार्ड नंबर दस से हरीश कुमार, मुकेश कुमार, सतीश कुमार, वार्ड नंबर ग्यारह से मंजू देवी, वार्ड नंबर बारह से लालचंद, लोकेश, सत्यनारायण, सुरेश चंद, वार्ड नंबर तेरह से हरमीत कोर, निंद्रा, रिंकी, वार्ड नंबर चौदह से रजनी, राम सिंह, ऋषि राज, वार्ड नंबर पंद्रह से कृष्ण देवी, प्रीति, वार्ड नंबर सोलह से राजेंद्र सिंह, संदीप, वार्ड नंबर 17 से भूपेंद्र कोर, मीना, वार्ड नंबर अठारह से नितिन, प्रवीण कुमार, वार्ड नंबर उन्नीस से अनिल कुमार, मामचंद, संदीप जैन, वार्ड नंबर बीस से बिशन दयाल, ईश्वर सिंह, मंजू, राहुल, राकेश, संजय, श्रीकिशन, वार्ड नंबर इक्कीस से दयानंद सोनी, दिनेश कुमार, श्याम सुंदर, वार्ड नंबर बाइस से धीरज यादव, मनोज कुमार, मीनाक्षी देवी, वार्ड नंबर तेईस से परमजीत, शशी बाला तथा वार्ड नंबर से पच्चीस जितेंद्र, ज्योति सैनी, शीश राम, सुरेंद्र ने नामांकन पत्र भरा है।
11 संवेदनशील तथा एक अतिसंवेदनशील बूथ
निष्पक्ष व पारदर्शी चुनावों के लिए जिला प्रशासन ने जिले के संवेदनशील तथा अति संवेदनशील बूथों की पहचान कर ली है। इसमें जिला प्रशासन की ओर से नगर परिषद नारनौल में 47 बूथों में से 3 संवेदनशील तथा एक अति संवेदनशील बूथ घोषित किया गया है। इसी प्रकार नगर परिषद महेंद्रगढ़ के 15 बूथों में 4 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है। वहीं नांगल चौधरी के 13 बूथों में से 4 को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन सभी बूथों पर पुलिस की ओर से विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
चुनाव के दिन शराब ब्रिकी पर रहेगी पाबंदी
निकाय चुनावों को शांति पूर्वक करवाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिला प्रशासन की ओर से चुनाव क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों को चुनाव से दस दिन पहले पहचान कर उन पर विशेष नजर रखी जाएगी। वहीं 21 मई से 22 मई तक इन चुनावी क्षेत्रों में शराब की बिक्री व पीने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। इस संबंध में एक्साइज एंड टेक्सेशन विभाग को निर्देश दिए गए हैं। विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस दौरान शराब के ठेके, होटल, रेस्टोरेंट तथा अन्य स्थानों पर शराब की बिक्री व परोसने पर पाबंदी रहेगी।