फोटो संख्या:66- राव तुलाराम चौक के नजदीक फ्लैक्स बोर्ड को ट्रॉली में डालते नपा कर्मचारी--संवाद
महेंद्रगढ़। नगर पालिका की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान वीरवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के तहत नपा कर्मचारियों ने दुकानों के बाहर रखे सामान व फ्लेक्स बोर्ड को ट्रैक्टर-ट्रॉली में डाला। शहर के शॉपिंग कॉप्लेक्स, डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक, विश्वकर्मा चौक, आईटीआई रोड, बस स्टैंड रोड, राव तुलाराम चौक, स्टेट हाईवे 148 बी पर रखे फ्लैक्स बोर्ड व अन्य सामान को उठाकर नपा कार्यालय में पहुंचाया।
नपा कर्मचारी पूरी टीम के साथ दोपहर दो बजे अभियान दो ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ मैदान में उतरे। नगर पालिका सचिव प्रशांत कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत वीरवार को स्टेट हाईवे, लघु सचिवालय से रिवासा पुल, राव तुलाराम चौक से विश्वकर्मा चौक तक फ्लेक्स बोर्ड, कैरेट, लोहे की एंगल सहित अन्य समान का जब्त किया गया। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे शहर को सुंदर बनाने में पालिका का सहयोग करें। दुकानदार अपना सामान अपने निर्धारित स्थान पर लगाए। उन्होंने कहा कि अब अतिक्रमण को लेकर सख्ती की जाएगी।
- दुकानदारों ने की विधायक से मुलाकात
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुधवार को शहर के आईटीआई रोड, तुलाराम चौक, बस स्टैंड के सामने, हुड्डा पार्क व आईटीआई के सामने से दुकानों के बाहर लगे टिनशेड और पक्के अतिक्रमण को हटाया गया था। इस दौरान टिनशेड को भी बुलडोजर की सहायता से हटाया गया था। इस दौरान दुकानदारों ने टीम का काफी विरोध किया था। वीरवार को आईटीआई रोड के दुकानदारों ने महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव से मुलाकात की। दुकानदारों ने कहा कि नगरपालिका की ओर से बार-बार दुकानदारों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि जल्द ही नपा के अधिकारियों से मिलकर इसके बारे में जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अतिक्रमण के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई कर रही है। पूरे प्रदेश में ही अभियान चलाया हुआ है। विधायक ने भी दुकानदारों से शहर को सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की।
फोटो संख्या:66- राव तुलाराम चौक के नजदीक फ्लैक्स बोर्ड को ट्रॉली में डालते नपा कर्मचारी--संवाद