महेंद्रगढ़। शहर के बीचोंबीच स्थित पुरानी और जर्जर हो चुकी हवेलियां अब लोगों के लिए खतरे का कारण बनती जा रही हैं। नगर के विभिन्न मोहल्लों में करीब 20 से अधिक खंडहर हवेलियां ऐसी हैं, जो कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती हैं। कई हवेलियों की दीवारें झुक चुकी हैं छतें टूट रही हैं और बरसात या तेज हवा के दौरान इनके गिरने का डर बना रहता है।
चौक मोहल्ला हवेली पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। हरिराम काजरिया, महेंद्र काजरिया ने नगरपालिका को 6 फरवरी को जर्जर हवेली की शिकायत दी थी। लेकिन अभी इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्हाेंने बताया कि जर्जर हवेली होने के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना हो सकती है। यहां पर आसपास के लोगों भय रहता है कि कभी यह हवेली गिर ने जाए।
मोहल्ला निमड़ी नीचे निवासी सुरेश, बालकिशन, धर्मेंद, नवीन ने बताया कि पिछले दो वर्षों से लगातार शिकायतें देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों मुख्य बाजार, पुराने मोहल्लों और संकरी गलियों में स्थित ये हवेलियां आमजन के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि हवेलियों से प्लास्टर और ईंटें गिरना अब आम बात हो गई है।
उन्होंने अनेक बार नगर पालिका अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल नोटिस चस्पा कर दिए गए। उसके बाद न तो भवन मालिकों से संपर्क किया गया और न ही जर्जर हिस्सों को हटाने की कोई प्रक्रिया शुरू हुई। लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
-
वर्जन:
खंडहर भवनों के मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। नियमों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जिन भवनों से अधिक खतरा है, उन्हें चिन्हित किया जा रहा है और जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे
।-रमेश सैनी, नगरपालिका प्रधान, महेंद्रगढ़