महेंद्रगढ़। नगरपालिका के प्रधान रमेश सैनी ने शहर में चल रहे विकास कार्यों, हाउस बैठक, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और हेल्प डेस्क स्थापित करने को लेकर चार नोटिस जारी किए। दो नोटिस में नगर आयुक्त से कार्रवाई की मांग की गई है जबकि दो नोटिसों में नगरपालिका सचिव पर सवाल उठाए गए हैं। पहले नोटिस में प्रधान ने शहर में सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। साथ ही नालियों का निर्माण भी नियमों के अनुसार नहीं हो रहा। कई नालियों को सीवर लाइन से नहीं जोड़ा गया है, जिससे भविष्य में जलभराव और गंदे पानी की निकासी की समस्या हो सकती है।
प्रधान ने इस मामले में संयुक्त निरीक्षण, थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट, लैब टेस्टिंग तथा दोषी ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग नगर आयुक्त से की है। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित एजेंसी के भुगतान पर रोक लगाने की भी सिफारिश की है।
वहीं दूसरे नोटिस में प्रधान ने नगरपालिका की हाउस बजट बैठक आयोजित करवाने में आ रही बाधाओं का मुद्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि कुछ पार्षदों द्वारा लगातार हंगामा और अव्यवस्था फैलाने के कारण पिछली तीन बैठकों को सफलतापूर्वक संपन्न नहीं होने दिया।
13 मार्च को भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद बैठक नहीं हो सकी। उन्होंने प्रशासन से आगामी बजट बैठक को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था तथा बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जबकि तीसरे नोटिस में शहर की खराब स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर चिंता जताई गई है। प्रधान ने बताया कि कई स्थानों पर छह महीने से मरम्मत के लिए उतारी गई लाइटें अब तक नहीं लगाई गई हैं। कुछ हाईमास्ट लाइटों की मोटर व अन्य सामग्री भी गायब है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी तय कर गायब सामग्री की रिकवरी और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं चौथे नोटिस में नगरपालिका कार्यालय में हेल्प डेस्क या पूछताछ केंद्र स्थापित न किए जाने पर नाराजगी जताई है। प्रधान रमेश सैनी ने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय आते हैं, लेकिन हेल्प डेस्क न होने के कारण उन्हें परेशानी होती है।