महेंद्रगढ़। नगर पालिका कर्मचारियों ने वीरवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर के मुख्य बाजारों व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से अतिक्रमण हटाया गया। नगरपालिका की टीम को देखकर दुकानदारों ने सामान समेटना शुरू कर दिया।
नगर पालिका सचिव प्रशांत पराशर ने बताया कि नगर पालिका की टीम दोपहर करीब 3 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली और कर्मचारियों के साथ बाजार में पहुंची। अतिक्रमण के दौरान कर्मचारियों ने शंकर मार्केट, बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक, शॉपिंग कांप्लेक्स, सीएसडी कैंटीन, बस स्टैंड रोड, हुड्डा पार्क के पास अतिक्रमण को हटवाया।
नगर पालिका अधिकारियों ने पहले से ही दुकानदारों को चेतावनी देते हुए सड़क और नालियों पर रखा सामान हटाने के निर्देश दिए गए थे। अतिक्रमण के दौरान सड़क पर रखे तिरपाल, मेज, फ्लैक्स, रेहड़ी, कैरेट सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बन रहती है, जिसके कारण आम जनता को परेशानी होती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी। नगरपालिका प्रशासन ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए सार्वजनिक स्थानों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने में नगर पालिका का सहयोग करें। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अभियान में अनिल एसआई, राजेंद्र दरोगा, रिंकू दरोगा सहित नगर पालिका टीम रही।
फोटो संख्या:73- नगर पालिका की ओर अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सामान उठाकर लेकर जाते कर्मचारी-