फोटो 20नगर परिषद की बैठक में मौजूद अधिकारी व पार्षद।संवाद
नारनौल। शहर के विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद में बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने की। नगर परिषद बैठक में कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में बूस्टिंग स्टेशन, साफ-सफाई के संसाधन, योगशाला का हस्तानांतरण, डिस्पेंसरी की मियाद सहित अनेक कार्य के प्रस्ताव को पास किया गया। इसके साथ बैठक में कूडे़-कचरे को एक जगह एकत्रित करने के लिए शहर में कई जगह बूस्टिंग स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं, उनकी जगह और जमीन को लेकर प्रस्ताव बैठक में रखा गया। इसे सर्वसम्मति से पास किया गया। साफ-सफाई के लिए नगर परिषद द्वारा 8 ट्रैक्टर-ट्रॉली खरीदे जाएंगे, जब तक ट्रैक्टर ट्राली खरीदने की प्रक्रिया पूरी होगी। तब तक 8 ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर लिए जाएंगे। पटीकरा गांव के अंदर योगशाला पूरी तरह से तैयार हैं और योगशाला को आयुष विभाग को हस्तांतरित करने के लिए बैठक में प्रस्ताव पास किया गया।
वहीं ईएसआई डिस्पेंसरी की मियाद कुछ समय पहले खत्म हो चुकी थी, जिसे दो साल के लिए बढ़ा दिया गया है। बैठक में पार्षद नितिन चौधरी एडवोकेट ने कहा कि पहले पिछली मीटिंग में पास हुए एजेंडों का ब्यौरा दिया जाए। नितिन चौधरी ने अग्रसेन चितवन वाटिका का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह पार्क 1996-97 में तत्कालीन नप अध्यक्ष किशन चौधरी एडवोकेट के कार्यकाल में बनाया गया था। उसके बाद यह पार्क राजनैतिक स्वार्थ की बली चढ़ता गया, उसके बाद नप की अध्यक्षा बनी अंजना अग्रवाल ने यहां अपने निजी कोष से महाराजा अग्रसेन की मूर्ति की स्थापना करवाई। वहीं सैनी सभा के बाहर उपेक्षा झेल रही महाराजा शूरसेन की मूर्ति का भी मुद्दा उठाया। इसके साथ बैठक में मेहता चौक से गौड़ ब्राह्मण सभा के मार्ग को भगवान परशुराम कर्तव्य पथ व भगवान महावीर चौक से जैन मंदिर, नलापुर तक के मार्ग को नवकार अहिंसा पथ नाम सर्वसम्मति से पास किए गए। वार्ड पार्षद मोहनलाल शर्मा ने शहर में अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह अतिक्रमण अपने चरम पर है, जिससे हर समय बाजार व मुख्य मार्गों पर जाम के हालात बने रहते हैं। इस दौरान नगर परिषद ईओ दीपक गोयल, एक्सईएन सुंदर सिंह, नगर परिषद उपप्रधान संजीव यादव मौजूद रहे।